Share this post with:
बिलासपुर। जिले में घरेलू गैस आपूर्ति का स्वरूप अब तेजी से बदलने जा रहा है। एलपीजी सिलेंडर पर निर्भरता कम करने की दिशा में अडानी टोटल गैस लिमिटेड ने पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) परियोजना पर काम तेज कर दिया है। शहर में अब तक 330 घरों ने पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन किया है, जबकि करीब 30 घरों में पीएनजी मीटर लगाने के साथ कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कंपनी का दावा है कि 31 जुलाई तक घरेलू पीएनजी की नियमित सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। वर्तमान में कनेक्शन देने की शुरुआत राजकिशोर नगर से की गई है। इसके बाद मोपका, सरकंडा और गीतांजलि सिटी के आवेदकों को चरणबद्ध तरीके से कनेक्शन दिए जाएंगे। कंपनी के अनुसार शहर में लगभग 54 किलोमीटर लंबी पीएनजी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और नेटवर्क का लगातार विस्तार किया जा रहा है।
उपभोक्ताओं के लिए कंपनी ने आसान भुगतान योजना लागू की है। पीएनजी कनेक्शन की कुल लागत करीब 6000 रुपए है, जिसमें मीटर, पाइपलाइन, फिटिंग और अन्य आवश्यक उपकरण शामिल हैं। उपभोक्ताओं के लिए ईएमआई सुविधा भी दी गई है। कच्छार क्षेत्र में ट्रांसमिशन गैस प्लांट पूरी तरह तैयार हो चुका है और वहां नेचुरल गैस की आपूर्ति भी शुरू हो गई है। इसी प्लांट से पूरे शहर तक पाइपलाइन नेटवर्क तैयार किया गया है। कंपनी का कहना है कि घरेलू गैस सप्लाई के लिए आवश्यक अधिकांश आधारभूत ढांचा तैयार हो चुका है।
अडानी टोटल गैस लिमिटेड के स्टेट हेड विनोद साहू ने बताया कि शहर में पीएनजी नेटवर्क को चरणबद्ध तरीके से विकसित करने की योजना बनाई है। पहले चरण में राजकिशोर नगर, मोपका, गीतांजलि सिटी और सरकंडा के अन्य क्षेत्र। वहीं, दूसरे चरण में मंगला और तीसरे चरण में कोनी क्षेत्र शामिल है। हालांकि इन क्षेत्रों में अधिकांश पाइपलाइन बिछ चुकी है, लेकिन फिलहाल तकनीकी परीक्षण और प्रारंभिक संचालन के चलते केवल राजकिशोर नगर से गैस आपूर्ति शुरू की जा रही है। इसके बाद मोपका, सरकंडा, गीतांजलि सिटी सहित अन्य क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से कनेक्शन दिए जाएंगे। लगभग 30 घरों में मीटर स्थापना एवं कनेक्शन का कार्य शुरू हो गया है।
Share this post with:
02 Jul 2026 15 Views
01 Jul 2026 51 Views
01 Jul 2026 10 Views
30 Jun 2026 16 Views