CNIN News Network

बाल श्रम पर ठेकेदार पर होगी कार्रवाई, निर्माण स्थल से मिली 8 नाबालिग बालिकाएं

06 Sep 2026   26 Views

बाल श्रम पर ठेकेदार पर होगी कार्रवाई, निर्माण स्थल से मिली 8 नाबालिग बालिकाएं

Share this post with:


जगदलपुर। जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र अंर्तगत बाल श्रम के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माण स्थल से 8 नाबालिग बालिकाओं को रेस्क्यू किया है। यह कार्रवाई सिटी ग्राउंड के सामने हाउसिंग बोर्ड की बहुमंजिला इमारत के निर्माण स्थल पर की गई। अधिकारियों के अनुसार, नाबालिगों से बाल श्रम कराने के मामले में जिम्मेदार ठेकेदार और संबंधित निर्माण एजेंसी के खिलाफ बाल श्रम निषेध कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों से मजदूरी कराने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
थाना कोतवाली प्रभारी भोला सिह राजपूत ने रविवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि निर्माण स्थल पर नाबालिग बच्चों से मजदूरी कराई जा रही है। सूचना के बाद पुलिस, श्रम विभाग और चाइल्ड लाइन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर औचक जांच की। जांच के दौरान 8 नाबालिग बालिकाएं निर्माण कार्य में मजदूरी करती मिलीं। टीम ने तत्काल सभी बालिकाओं को काम से मुक्त कराकर सुरक्षित संरक्षण में लिया। प्रारंभिक जांच में उनके बस्तर जिले की निवासी होने की जानकारी सामने आई है। रेस्क्यू के बाद सभी बालिकाओं को नियमानुसार चाइल्ड लाइन के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां उनकी काउंसलिंग, संरक्षण और पुनर्वास की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13997/18

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web