Share this post with:
दंतेवाड़ा। बस्तर के जंगलों और पहाडिय़ों में पीढिय़ों से उगाया जाने वाला पारंपरिक खाद्य पदार्थ मंडिया (रागी) अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में तहलका मचा रहा है। कभी गरीब और आदिवासियों का मुख्य भोजन समझे जाने वाला मंडिया आज दुनिया भर के सुपर-फूड मार्केट की पहली पसंद बन चुका है। पूर्णत: जैविक और बिना किसी रासायनिक खाद के पैदा होने के कारण विदेशी बाजारों में बस्तर के मंडिया का भाव 125 से 250 प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है। वैश्विक व्यापार के आंकड़ों एवं कृषि विशेषज्ञों के अनुसार अमेरिका, यूरोप और मध्य पूर्व के देशों में प्रोसेस्ड ऑर्गेनिक मंडिया की भारी मांग है। जहां स्थानीय बाजारों में यह सामान्य दामों पर उपलब्ध रहता है, वहीं वैश्विक निर्यात बाजार में इसकी कीमत 1.50 से 3.00 डॉलर तक पहुंच गई है। मंडिया की इस वैश्विक मांग से बस्तर के जनजातीय किसानों को उनकी उपज का सही दाम मिलने का रास्ता साफ हो गया है। अगर स्थानीय स्तर पर इसके प्रोसेसिंग और पैकेजिंग प्लांट लगाए जाएं, तो यह बस्तर के ग्रामीण अर्थशास्त्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
विदेशी कंपनियां इसे फिंगर मिलेट के नाम से प्रीमियम हेल्थ फूड के रूप में बेच रही हैं। बेकरी और कुकीज यूरोप के बड़े बेकरी ब्रांड्स मंडिया के आटे से ग्लूटन-फ्री ब्रेड, बिस्कुट, केक और पैनकेक बना रहे हैं। न्यूट्रिशियस बेबी फूड पचने में आसान होने के कारण बच्चों के डिब्बाबंद पौष्टिक आहार में मंडिया का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। हेल्थ व एनर्जी ड्रिंक्स एथलीट्स और फिटनेस फीक्स के लिए इससे प्रोटीन शेक और ग्लूटन-फ्री हेल्थ ड्रिंक्स तैयार किए जा रहे हैं।
बस्तर में गर्मी से बचने के लिए पिया जाने वाला मंडिया पेज केवल एक पेय नहीं, बल्कि औषधीय गुणों की खान है। इसका लो-ग्लाइसेमिक इंडेक्स शुगर के मरीजों के लिए रामबाण है। कैल्शियम का पावर हाउस किसी भी अनाज से अधिक प्राकृक्तिक कैल्शियम इसमें होता है, जो हड्डियों को मजबूत बनाता है। यह अन्य अनाजों और यहां तक कि दूध से भी अधिक कैल्शियम प्रदान करता है जो हड्डियों के घनत्व को बढ़ाने और ऑस्टियोपोरोसिस (हड्डियों की कमजोरी) के खतरे को कम करने में मदद करता है। रागी में पॉलीफेनॉल और फाइबर की अच्छी मात्रा होती है और इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है। इसका मतलब है कि यह डायबिटीज के मरीजों के लिए एक अच्छा विकल्प है। एनीमिया से राहत आयरन की प्रचुर मात्रा शरीर में हीमोग्लोबिन तेजी से बढ़ाती है। ग्लूटन-फ्री डाइट गेहूं से एलर्जी वाले मरीजों के लिए मंडिया सबसे सुरक्षित और पौष्टिक विकल्प है।
Share this post with:
29 Aug 2026 11 Views
30 Aug 2026 2 Views
29 Aug 2026 31 Views
27 Aug 2026 22 Views
27 Aug 2026 33 Views