CNIN News Network

बस्तर ओलंपिक: दंतेवाड़ा में 23,513 पुरुष से दुगने 46,949 महिला खिलाडिय़ों का हुआ पंजीयन

30 Oct 2026   3 Views

बस्तर ओलंपिक: दंतेवाड़ा में 23,513 पुरुष से दुगने 46,949 महिला खिलाडिय़ों का हुआ पंजीयन

Share this post with:


दंतेवाड़ा। बस्तर ओलंपिक 2026 में भाग लेने के लिए दंतेवाड़ा जिले से अब तक 70 हजार से अधिक खिलाडिय़ों ने पंजीयन कराया है। खास बात यह है कि इस बार महिला खिलाडिय़ों की भागीदारी पुरुषों के मुकाबले लगभग दोगुनी दर्ज की गई है। जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, कुल 70,460 खिलाडिय़ों का पंजीयन कराया गया है, जिनमें 46,949 महिला और 23,513 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। बस्तर ओलंपिक 2026 के पंजीयन आंकड़ों में महिला खिलाडिय़ों की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय है। महिलाओं की यह भागीदारी बताती है कि बस्तर अंचल में खेलों के प्रति रुचि केवल पुरुष खिलाडिय़ों तक सीमित नहीं है। बड़ी संख्या में युवतियां और महिलाएं भी अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए आगे आ रही हैं।
दंतेवाड़ा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा पंजीयन अभियान संचालित किया जा रहा है। बस्तर ओलंपिक के लिए पंजीयन की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक अधिक से अधिक युवाओं तक प्रतियोगिता की जानकारी पहुंचाने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गांवों, विकासखंड मुख्यालयों और खेल मैदानों में युवाओं को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
बस्तर ओलंपिक 2026 का आयोजन विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर किया जा रहा है। प्रतियोगिता में कुल 11 खेल विधाओं को शामिल किया गया है। जिला प्रशासन ने दीपावली अवकाश को ध्यान में रखते हुए दंतेवाड़ा जिले में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं 4 और 5 नवंबर को आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन प्रतियोगिताओं में पंजीकृत खिलाडिय़ों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। स्थानीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी प्रतियोगिता के अगले चरणों में भाग ले सकेंगे। बड़ी संख्या में खिलाडिय़ों के पंजीयन के बाद अब प्रशासन के सामने प्रतियोगिताओं के व्यवस्थित आयोजन की जिम्मेदारी है। खेल मैदानों की तैयारी, आवश्यक खेल सामग्री, प्रतिभागियों की सुविधा और आयोजन समितियों के बीच समन्वय महत्वपूर्ण रहेगा।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14099/21

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web