Share this post with:
00 कांग्रेस को अंतर्कलह और अनुशासनहीनता का अड्डा बता किया पलटवार
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डेय ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भाजपा से जुड़े हालिया बयान पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि जिनकी अपनी जमीन खिसक चुकी है, वे अब भाजपा के आंतरिक और सुदृढ़ संगठनात्मक ढाँचे पर टिप्पणी कर रहे हैं! श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि बघेल का बयान उनके मानसिक हताशा और खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे वाली स्थिति को दर्शाता है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती पाण्डेय ने कांग्रेस को अंतर्कलह और अनुशासनहीनता का अड्डा बताते हुए कहा कि आज छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी का संगठनात्मक ढाँचा पूरी तरह जर्जर हो चुका है। पार्टी में जिस स्तर की आंतरिक कलह और गुटबाजी है, वह किसी से छिपी नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री को दूसरों के घर में झाँकने के बजाय यह बताना चाहिए कि उनकी पार्टी में कार्यकर्ताओं को मंचों पर अपमानित क्यों किया जा रहा है? जिस पार्टी में सरेआम नेताओं की खींचतान और अनुशासनहीनता चरम पर हो, उसके नेता को भाजपा के संगठनात्मक विषयों पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस आज आपराधिक चरित्र के लोगों के प्रभुत्व वाली पार्टी बन गई है। सत्ता में रहते हुए भी और विपक्ष में आने के बाद भी, कांग्रेस ने केवल उन तत्वों को संरक्षण दिया है जो समाज में अशांति फैलाते हैं। आज कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं क्योंकि पार्टी में केवल खास सिपहसालारों और विवादित चेहरों की ही चलती है।
श्रीमती पाण्डेय ने भाजपा में वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं के सम्मान की अटूट परम्परा का उल्लेख करते हुए बघेल द्वारा रामविचार नेताम और बृजमोहन अग्रवाल जैसे वरिष्ठ नेताओं का जिक्र करने पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा एक परिवार है जहाँ हर कार्यकर्ता की भूमिका और वरिष्ठों का मार्गदर्शन सर्वोपरि है। हमारे नेता कैबिनेट में और संगठन में पूरी सक्रियता के साथ प्रदेश की सेवा कर रहे हैं। बघेल को भाजपा की चिंता करने की जरूरत नहीं है, बल्कि उन्हें इस बात की चिंता करनी चाहिए कि उनकी अपनी पार्टी के भीतर उनके खिलाफ जो अविश्वास का माहौल है, उससे वे कैसे निपटेंगे? श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि जनता ने कांग्रेस के कुशासन और उनके भ्रष्टाचार को नकार दिया है। अब अपनी प्रासंगिकता बचाए रखने के लिए बघेल अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। बेहतर होगा कि वे अपनी पार्टी की टूटती कडिय़ों को जोडऩे पर ध्यान दें, क्योंकि भाजपा का संगठन हमारे प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के नेतृत्व में चट्टान की तरह एकजुट है और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
Share this post with:
15 May 2026 11 Views
15 May 2026 6 Views
14 May 2026 26 Views
14 May 2026 16 Views