Share this post with:
00 चारागाह की 7 एकड़ भूमि पर 9.57 लाख रुपये की लागत से लगाए गए 1,000 पौधे, 880 पौधे जीवित
00 आस्था महिला स्व-सहायता समूह को सौंपी गई तीन वर्ष तक देखरेख की जिम्मेदारी
धमतरी। गांव का विकास केवल अधोसंरचना और सुविधाओं के विस्तार तक सीमित नहीं होता, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी भी इसकी महत्वपूर्ण आधारशिला है। इसी दिशा में मगरलोड विकासखंड की ग्राम पंचायत खिसोरा ने चारागाह भूमि को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने की पहल की है। वीबी-जी राम जी के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में ग्राम पंचायत की 7 एकड़ चारागाह भूमि पर 9.57 लाख रुपये की लागत से वृक्षारोपण कराया गया है। इस कार्य के तहत विभिन्न प्रजातियों के कुल 1,000 पौधे लगाए गए हैं, जिनमें से वर्तमान में 880 पौधे जीवित हैं।

इस वृक्षारोपण में आम, जामुन, करौंदा, गुलमोहर, आंवला, पीपल एवं बरगद जैसी फलदार, औषधीय और छायादार प्रजातियों को शामिल किया गया है। पौधों का चयन उनकी स्थानीय उपयोगिता, पर्यावरणीय महत्व और भविष्य में मिलने वाले लाभों को ध्यान में रखकर किया गया है। फलदार पौधे आने वाले समय में ग्रामीणों को फल एवं पोषण उपलब्ध कराने में सहायक होंगे, वहीं छायादार वृक्ष तापमान संतुलन, जैव विविधता के संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में योगदान देंगे। चारागाह भूमि पर विकसित किया जा रहा यह हरित क्षेत्र केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से मिट्टी और जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। वृक्ष मिट्टी के कटाव को कम करने, वर्षा जल के भूमि में समावेशन को प्रोत्साहित करने तथा भूमि की नमी बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ ग्रामीणों में पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होगी।
इस पहल की विशेषता पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण की व्यवस्था करना है। रोपित 1,000 पौधों में से 880 का जीवित रहना पौधों के संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाता है। इन पौधों की सिंचाई, सुरक्षा, निराई-गुड़ाई एवं आवश्यक रखरखाव की जिम्मेदारी तीन वर्ष की लीज अवधि के लिए आस्था महिला स्व-सहायता समूह, आस्था महिला संगठन, करेलीबाड़ी को सौंपी गई है। महिला स्व-सहायता समूह को इस कार्य से जोडऩे का उद्देश्य महिलाओं की सामुदायिक विकास में भागीदारी बढ़ाने के साथ उन्हें कार्य के माध्यम से आजीविका से जुडऩे का अवसर उपलब्ध कराना भी है। इस व्यवस्था से पौधों की देखरेख के लिए जिम्मेदारी तय हुई है और महिला समूह को गांव की पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिला है। अब इन पौधों का संरक्षण महिला समूह की जिम्मेदारी के साथ ही पूरे गांव की साझा भागीदारी का विषय बन गया है।

ग्राम पंचायत खिसोरा में वीबी-जी राम जी के अंतर्गत अधोसंरचना निर्माण और जल संरक्षण से संबंधित विभिन्न विकास कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण करने तथा प्राकृतिक संसाधनों को सुदृढ़ बनाना है। चारागाह भूमि पर वृक्षारोपण इसी व्यापक प्रयास की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जो ग्रामीण आजीविका को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ता है। खिसोरा की चारागाह भूमि पर लगाए गए ये पौधे आने वाले वर्षों में बड़े वृक्षों का स्वरूप लेकर गांव को हरियाली, छाया और स्वच्छ पर्यावरण की सौगात दे सकते हैं। साथ ही पक्षियों एवं अन्य जीव-जंतुओं के लिए अनुकूल प्राकृतिक परिवेश विकसित करने में भी सहायक होंगे। सामुदायिक भूमि का सदुपयोग, महिला समूह की सहभागिता और पौधों के संरक्षण की सुनिश्चित व्यवस्था के माध्यम से ग्राम पंचायत खिसोरा ने ग्रामीण विकास को पर्यावरणीय जिम्मेदारी के साथ जोडऩे की दिशा में पहल की है। यह प्रयास आने वाली पीढिय़ों के लिए हरित और समृद्ध गांव की आधारशिला तैयार करने की उम्मीद जगाता है।
Share this post with:
27 Nov 2026 2 Views
27 Nov 2026 0 Views
27 Nov 2026 1 Views
27 Nov 2026 21 Views
25 Nov 2026 527 Views
25 Nov 2026 513 Views
24 Nov 2026 692 Views