CNIN News Network

प्राचीन चतुर्भुजी मंदिर परिसर की बावड़ी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत

11 Jul 2026   12 Views

प्राचीन चतुर्भुजी मंदिर परिसर की बावड़ी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत

Share this post with:

रायपुर। रायपुर जिले के कुंबरगढ़ स्थित प्राचीन चतुर्भुजी मंदिर परिसर की बावड़ी में डूबने से दो मासूम बच्चों साक्षी साहू (07) और श्रवण धीवर (04) की मौत हो गई। शनिवार सुबह दोनों बच्चे खेलते-खेलते बावड़ी के पास पहुंचे थे, तभी अचानक संतुलन बिगडऩे से गहरे पानी में गिर गए। घटना धरसीवां थाना क्षेत्र की है और दोनों बच्ची कुर्रा गांव की रहने वाली है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह दोनों मंदिर परिसर के आसपास अन्य बच्चों के साथ खेल रहे थे। इसी दौरान वे प्राचीन बावड़ी के किनारे पहुंच गए और हादसे का शिकार हो गए। बच्चों के काफी देर तक नजर नहीं आने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों बच्चों को बावड़ी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही धरसीवां पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर परिसर की यह प्राचीन बावड़ी काफी गहरी है, लेकिन यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। बावड़ी के आसपास न तो मजबूत घेराबंदी है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है। पहले भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई थी, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से बावड़ी के चारों ओर सुरक्षा दीवार, जाली और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है जिससे भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13910/69

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web