Share this post with:
00 सेलिब्रेशन को लेकर अभी से बना माहौल
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में चार नवंबर को मंचित होने वाले मराठी नाटक सेलिब्रेशन की टिकट जारी किए जाने के महज दो दिनों में मराठी भाषियों के बीच जोरदार माहौल बन गया है। अभी से लगभग आधे सभागृह की सीटों के टिकटें बिक चुकीं हैं। सीमित संख्या में टिकटें होने के कारण इसे लेकर होड़ मचना तय है। मंडल के ही दिव्यांग बालिका विकास गृह सहायतार्थ होने वाले प्रशांत दळवी लिखित व प्रसन्न विजय निमोणकर निर्देशित 100 मिनट के लोकप्रिय नाटक सेलिब्रेशन की तैयारियां करीब चार महीनों से चल रहीं हैं।
सेलिब्रेशन के मार्गदर्शक प्रा. अनिल श्रीराम कालेले कहते हैं कि कुछ दशकों तक घर-घर जाकर टिकट बेचने की पंरपरा थी। इससे न केवल रंगप्रेमी दर्शक बल्कि पूरा समाज भी अपनी संस्कृति से जुडता है। हम लोग एक बार फिर टिकट के माध्यम से नाटक देखने की परंपरा को पुनर्जीवित करना चाहते हैं, ताकि न सिर्फ नाटक देखने के लिए थियेटर तक आने का रुझान दर्शकों में बढ़े, बल्कि इससे हम महाराष्ट्र मंडल के निवासरत 30 दिव्यांग बालिकाओं के आवास, शिक्षा व स्वास्थ्य के लिए कुछ योगदान भी दे सकें। टिकटों की बिक्री से नाटक के मंचन पूर्व ही आने वाले दर्शकों की सटीक संख्या का पता चल जाएगा और नई पीढ़ी को टिकट बेचकर नाटक करने से उपजी अतिरिक्त जिम्मेदारी का अहसास भी होगा।
निर्देशक प्रसन्न निमोणकर ने कहा कि सेलिब्रेशन मराठी रंगमंच का बेहद लोकप्रिय नाटक है, जिसका वर्षों से सैकड़ों बार मंचन महाराष्ट्र में अनेक नाट्य संस्थाओं ने किया है। फिर भी यह नाटक बेहद सामयिक विषय बिखरे परिवार और जर्जर होते रिश्ते-नाते को एकजुट करने पर आधारित है। नाटक में विभिन्न भूमिकाओं के माध्यम से हर आयुवर्ग का प्रतिनिधित्व होने के कारण इससे हर कोई डायरेक्ट कनेक्ट होता है। पहली बार रंगमंच पर उतर रहे दो युवा कलाकारों प्रांजल बक्षी और अर्थव महावादी सहित हर पीढ़ी का शानदार समन्वयन नाटक सेलिब्रेशन में देखने को मिलेगा। यही दर्शकों को नाटक से जोड़ेगा भी।
Share this post with:
30 Oct 2026 25 Views
30 Oct 2026 25 Views
30 Oct 2026 64 Views