CNIN News Network

प्रदेश में अब तक 996.5 मि.मी बारिश दर्ज, बलरामपुर में सर्वाधिक तो कांकेर में सबसे कम वर्षा

19 Sep 2026   2 Views

प्रदेश में अब तक 996.5 मि.मी बारिश दर्ज, बलरामपुर में सर्वाधिक तो कांकेर में सबसे कम वर्षा

Share this post with:


रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 19 सितंबर 2026 तक जारी आंकड़ों के अनुसार, चालू मानसून सीजन में 1 जून से अब तक प्रदेश में औसतन 96.4 प्रतिशत (996.5 मि.मी.) बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि इस अवधि के लिए राज्य की औसत वर्षा 1033.6 मि.मी. निर्धारित है। प्रदेशभर के जिलों में वर्षा का रुख मिश्रित रहा है। सरगुजा संभाग की बात करें तो बलरामपुर जिले ने रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की है, जहां औसत वर्षा के मुकाबले 169.7 प्रतिशत (1488.5 मि.मी.) पानी बरसा है। इसके साथ ही सूरजपुर में 111.5 प्रतिशत (1138.1 मि.मी.) और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 122.6 प्रतिशत (1139.9 मि.मी.) वर्षा हुई है। हालांकि, पड़ोसी जिले सरगुजा में केवल 77.3 प्रतिशत (594.9 मि.मी.), जशपुर में 81.2 प्रतिशत (805.1 मि.मी.) और कोरिया में 97.0 प्रतिशत (892.8 मि.मी.) बारिश दर्ज की गई है।
रायपुर संभाग में मानसून काफी मेहरबान नजर आ रहा है। राजधानी रायपुर जिले में औसत का 126.9 प्रतिशत (1091.2 मि.मी.) पानी बरस चुका है। वहीं महासमुंद में 120.8 प्रतिशत (1128.5 मि.मी.), गरियाबंद में 118.0 प्रतिशत (1191.9 मि.मी.), बलौदाबाजार में 109.7 प्रतिशत (1007.1 मि.मी.) और धमतरी में 105.1 प्रतिशत (1061.0 मि.मी.) बारिश के साथ स्थिति काफी बेहतर बनी हुई है। 
बिलासपुर संभाग के जिलों में भी संतोषजनक वर्षा दर्ज की गई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सामान्य से अधिक 138.5 प्रतिशत (1127.8 मि.मी.) बारिश हुई है। इसके अलावा मुंगेली में 112.5 प्रतिशत (1003.7 मि.मी.), जांजगीर-चांपा में 103.4 प्रतिशत (1101.5 मि.मी.), कोरबा में 97.5 प्रतिशत (1071.0 मि.मी.), बिलासपुर में 95.8 प्रतिशत (967.8 मि.मी.), सक्ती में 95.6 प्रतिशत (937.2 मि.मी.), गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 90.1 प्रतिशत (912.5 मि.मी.) और रायगढ़ में 87.6 प्रतिशत (956.3 मि.मी.) वर्षा दर्ज की गई है। 
दुर्ग संभाग के मैदानी इलाकों में बालोद जिला 106.3 प्रतिशत (1057.1 मि.मी.) बारिश के साथ सबसे आगे है। वहीं दुर्ग में 98.3 प्रतिशत (749.6 मि.मी.), कबीरधाम में 83.0 प्रतिशत (644.0 मि.मी.), राजनांदगांव में 94.9 प्रतिशत (839.9 मि.मी.), खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 93.0 प्रतिशत (699.5 मि.मी.), बेमेतरा में 75.2 प्रतिशत (569.7 मि.मी.) तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 71.8 प्रतिशत (864.1 मि.मी.) वर्षा रिकॉर्ड की गई है। 
दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर संभाग में बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिला है। नारायणपुर जिले में औसत की तुलना में 108.6 प्रतिशत (1376.6 मि.मी.) बारिश हो चुकी है। वहीं दंतेवाड़ा में 91.4 प्रतिशत (1232.8 मि.मी.), कोण्डागांव में 81.8 प्रतिशत (936.9 मि.मी.) और बस्तर जिले में 80.7 प्रतिशत (1045.6 मि.मी.) वर्षा दर्ज की गई है। संभाग के बीजापुर (70.3 प्रतिशत, 1324.4 मि.मी.), सुकमा (69.3 प्रतिशत, 982.2 मि.मी.) और कांकेर जिले में कम बारिश दर्ज हुई है; कांकेर में प्रदेश में सबसे कम मात्र 67.0 प्रतिशत (945.7 मि.मी.) ही वर्षा दर्ज की गई है। 
अगर केवल 19 सितंबर के दैनिक आंकड़ों पर नजर डालें तो मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी (17.3 मि.मी.), नारायणपुर (16.5 मि.मी.) और कांकेर (16.3 मि.मी.) में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि जांजगीर-चांपा, कोण्डागांव और दंतेवाड़ा में दिनभर वर्षा शून्य रही। कुल मिलाकर प्रदेशभर में औसत दैनिक बारिश 4.0 मि.मी. रिकॉर्ड की गई है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13997/18

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web