Share this post with:
* मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर हंसवाही पहाड़ के पास भीषण बस हादसा
* 30 से अधिक घायल यात्री अस्पताल में भर्ती, इलाज जारी
मनेंद्रगढ़ --मनेन्द्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही यात्री बस हंसवाही पहाड़ के पास सेमरमथानी मोड़ पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में बस मालिक भी शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे में करीब 30 से ज्यादा यात्रियों के घायल होने की सूचना है, जिनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने शोक जताया-मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर हुई भीषण बस दुर्घटना में 6 लोगों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। इस हृदयविदारक घटना में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। राज्य शासन द्वारा मृतकों के परिजनों को ?5-5 लाख तथा घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। घायलों का सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ एवं जिला अस्पताल चिरमिरी में उपचार जारी है, जबकि गंभीर रूप से घायल 2 यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। घायलों के इलाज के लिए जिला प्रशासन को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोकाकुल परिवारों को इस अपार दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार यात्री बस मनेन्द्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। इसी दौरान हंसवाही पहाड़ के पास सेमरमथानी मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित एक विशालकाय पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा। दुर्घटना के बाद बस में फंसे यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए
* 6 मौतों की पुष्टि, बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा
इस भीषण हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों में बस मालिक और चालक के शामिल होने की बात सामने आई है। इसके अलावा करीब 30 यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घायलों में चार की स्थिति गंभीर है जिनका इलाज जारी है। गर्भवती महिला के पेट में उसके बच्चे केी भी मौत हो चुकी है
* पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही केल्हारी थाना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल यात्रियों का इलाज जारी है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस और प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य के साथ घटना से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।मनेंद्रगढ़ अस्पताल के अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी ने बताया कि हादसे में घायल 30 लोगों का इलाज मनेंद्रगढ़ में जारी है। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, हादसे में करीब 6 लोगों की मौत होने की जानकारी दी गई है।
Share this post with:
22 Oct 2026 32 Views
22 Oct 2026 41 Views
21 Oct 2026 45 Views
19 Oct 2026 53 Views