Share this post with:
कांकेर। जिले के चारामा नगर में नेशनल हाईवे-30 किनारे स्थित पांच दुकानों में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। खास बात यह है कि घटनास्थल पुलिस थाना से महज 300 मीटर की दूरी पर है। चोरों ने अलग-अलग दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, जिनके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। चोरी की घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। इसके अलावा एक-दो दिन पुराना एक अन्य वीडियो भी मिला है, जिसमें रात के समय तीन संदिग्ध युवक इलाके में घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस दोनों फुटेज की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। थाना से कुछ ही दूरी पर एक साथ कई दुकानों में हुई चोरी की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार लोक सेवा एवं चॉइस सेंटर के संचालक गजेंद्र ने बताया कि सुबह करीब 9:43 बजे उन्हें चोरी की जानकारी मिली। उनके अनुसार बीती रात करीब 3:15 बजे चोर ताला तोड़कर दुकान में घुसे और स्टांप पेपर के साथ करीब 700 रुपये नकद लेकर फरार हो गए। साउथ इंडियन नाश्ता सेंटर के संचालक दिनेश गोस्वामी ने बताया कि उन्होंने बीती रात करीब 8:30 बजे दुकान बंद की थी। सुबह पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला और दुकान का सामान बिखरा पड़ा था। चोर दुकान से तीन गैस सिलेंडर, करीब 65 हजार रुपये नकद और फ्रिज में रखा सामान चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि उन्होंने यह दुकान करीब डेढ़ महीने पहले ही शुरू की थी। सिन्हा रंगीन मछली घर के संचालक सुरेश सिन्हा ने बताया कि पड़ोसी दुकानों में चोरी की सूचना मिलने पर वे अपनी दुकान पहुंचे। वहां भी ताला टूटा मिला और काउंटर में रखे करीब 15 हजार रुपये गायब थे, उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
Share this post with:
02 Jul 2026 27 Views
01 Jul 2026 52 Views
01 Jul 2026 12 Views
30 Jun 2026 17 Views