CNIN News Network

पुनीता के खाते में पहुंची 5 हजार की सहायता राशि, पोषण और बच्चे की देखभाल में मिली आर्थिक मदद

16 Sep 2026   8 Views

पुनीता के खाते में पहुंची 5 हजार की सहायता राशि, पोषण और बच्चे की देखभाल में मिली आर्थिक मदद

Share this post with:


00 मातृत्व के सफर में सरकार का संबल बनी प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना
00 सेवा संकल्प अभियान में पुनीता ने साझा किया अपना अनुभव
रायपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों और ‘सेवा संकल्प’ की भावना से जुड़े अभियान के दौरान सूरजपुर जिले की श्रीमती पुनीता राजवाड़े ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से मिले लाभ का अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि गर्भावस्था के दौरान सरकार से मिली 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उनके और उनके परिवार के लिए उपयोगी संबल बनी। योजना से मिली राशि से उन्होंने पोषण आहार एवं अपनी आवश्यक जरूरतों को पूरा किया तथा बच्चे के जन्म के बाद उसकी देखभाल में भी इस सहायता से परिवार को मदद मिली।
मातृत्व किसी भी महिला के जीवन का सबसे सुखद और महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। गर्भावस्था से लेकर नवजात शिशु की देखभाल तक का यह सफर खुशियों के साथ जिम्मेदारियां भी लेकर आता है। ऐसे समय में शासन की योजनाओं से मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं और उनके परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा बनती है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना इसी उद्देश्य के साथ गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनके पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों में सहयोग कर रही है।
श्रीमती पुनीता बताती हैं कि उन्हें योजना के तहत पहली किस्त में 3 हजार रुपये मिले। इस राशि से उन्होंने पोषण आहार और अपनी जरूरी आवश्यकताओं को पूरा किया। इसके बाद 2 हजार रुपये की दूसरी किस्त प्राप्त हुई, जिससे बच्चे की देखभाल से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में परिवार को मदद मिली। पुनीता कहती हैं, “मातृत्व के इस महत्वपूर्ण समय में सरकार से मिली आर्थिक सहायता मेरे परिवार के लिए काफी उपयोगी रही। इससे मुझे अपनी और बच्चे की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिली।”
उन्होंने बताया कि डीबीटी के माध्यम से सहायता राशि सीधे बैंक खाते में पहुंचने से योजना का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया सरल और पारदर्शी रही। जरूरत के समय मिली इस आर्थिक सहायता से गर्भावस्था और बच्चे की देखभाल से जुड़े खर्चों में परिवार को राहत मिली।
सूरजपुर में 3 हजार 206 गर्भवती माताओं तक पहुंचा योजना का लाभ
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनके पोषण, स्वास्थ्य और मातृत्व संबंधी जरूरतों में सहयोग दिया जा रहा है। सूरजपुर जिले में अब तक 3 हजार 206 गर्भवती माताओं को योजना का लाभ मिला है। पात्र महिलाओं को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की जाती है।
श्रीमती पुनीता की कहानी उन अनेक महिलाओं के अनुभव को सामने लाती है, जिनके लिए शासन की योजनाएं जरूरत के समय आर्थिक संबल बन रही हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मिलने वाली सहायता गर्भावस्था और नवजात की देखभाल के महत्वपूर्ण दौर में परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग प्रदान कर रही है। श्रीमती पुनीता के लिए भी योजना का लाभ मातृत्व के इस महत्वपूर्ण सफर में सरकार के सहयोग का अनुभव रहा।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13997/18

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web