CNIN News Network

पास्टर पर बीमार महिला को बंधक बनाकर धर्मांतरण के लिए दबाव एवं शोषण का आरोप

25 Oct 2026   31 Views

पास्टर पर बीमार महिला को बंधक बनाकर धर्मांतरण के लिए दबाव एवं शोषण का आरोप

Share this post with:


कांकेर। जिले में एक पास्टर दिलीप चक्रधारी ने बीमारी से जूझ रही एक महिला को इलाज और सुविधाएं दिलाने का प्रलोभन देकर बंधक बना लिया। आरोपी ने पीडि़ता को धर्मांतरण के लिए उकसाया और उसका दैहिक शोषण किया। पीडि़ता के 15 वर्षीय पुत्र ने इस मामले में सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी जितेंद्र साहू ने बताया कि किशोर और ग्रामीणों से शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शिकायत के अनुसार वर्ष 2021 में पीडि़ता के पति राजकुमार साहू की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद महिला की तबीयत लगातार खराब रहने लगी। इस दौरान पड़ोसी अंबिका साहू ने उसका परिचय आरोपी पास्टर दिलीप चक्रधारी से कराया। आरोपी ने महिला की बीमारी ठीक करने और घर पर सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके बदले उसने महिला को ईसाई धर्म अपनाने के लिए विवश किया।आरोप है कि आरोपी पास्टर ने महिला को अपने घर में बंधक बनाकर रखा और उसे परिजनों के पास लौटने से रोका। विरोध करने पर आरोपी पीडि़ता को लगातार धमकियां देता था।
पीडि़ता की स्थिति बिगडऩे पर उसे कोमलदेव अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीडि़ता के पुत्र के अनुसार 23 अक्टूबर को चिकित्सकों ने जानकारी दी कि महिला के शरीर पर चोट के निशान हैं और फेफड़ों में गंभीर संक्रमण है। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती किया गया है। पीडि़त किशोर ने आरोपी पास्टर के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14099/21

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web