Share this post with:
00 कलेक्ट्रेट रोड स्थित सुमित बाजार परिसर में नवीन भोजन वितरण केन्द्र का शुभारंभ, पहले ही दिन 100 से अधिक श्रमिकों ने किया भोजन
धमतरी। पांच रुपये में भरपेट पौष्टिक भोजन से श्रमिकों को मिली बड़ी राहत, श्रम अन्न सहायता केन्द्र बना सहारामेहनतकश श्रमिकों के पसीने और परिश्रम से ही विकास की इबारत लिखी जाती है। ऐसे में श्रमिकों को सम्मानजनक जीवन के साथ सस्ता, सुलभ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना उनके कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसी उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के माध्यम से संचालित शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न सहायता योजना श्रमिकों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आ रही है। इस योजना के तहत पंजीकृत निर्माणी एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को मात्र पांच रुपये में गर्म और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

योजना का लाभ अधिक से अधिक श्रमिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से धमतरी शहर के कलेक्ट्रेट रोड स्थित सुमित बाजार परिसर में 17 नवंबर 2026 को श्रम अन्न योजना के नवीन भोजन वितरण केन्द्र का शुभारंभ किया गया। केन्द्र प्रारंभ होने के पहले ही दिन 100 से अधिक श्रमिकों ने यहां पहुंचकर भोजन ग्रहण किया। इससे स्पष्ट है कि शहर में कार्यरत श्रमिकों और विभिन्न संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए यह केन्द्र उपयोगी साबित हो रहा है। इस केन्द्र की विशेषता यह है कि यहां श्रमिकों को मात्र पांच रुपये में चावल, दाल, मौसमी सब्जी, अचार, पापड़ और छाछ सहित गर्म एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। कम कीमत में संतुलित भोजन मिलने से श्रमिकों को दोपहर के भोजन की चिंता से राहत मिल रही है। विशेषकर वे श्रमिक जो प्रतिदिन अपने घर से दूर रहकर विभिन्न प्रतिष्ठानों, दुकानों, निर्माण स्थलों और अन्य संस्थानों में काम करते हैं, उनके लिए यह सुविधा काफी लाभदायक है।

केन्द्र में भोजन ग्रहण कर रहे सुमित बाजार के कर्मचारियों ने बताया कि शासन की इस पहल से उन्हें बहुत सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि पहले काम के दौरान भोजन की व्यवस्था करना पड़ता था, लेकिन अब पांच रुपये में ही चावल, दाल, सब्जी, अचार, पापड़ और छाछ सहित गरम भोजन मिल रहा है। भोजन स्वादिष्ट होने के साथ स्वास्थ्य के लिए भी अच्छा है। इससे कम खर्च में भरपेट भोजन मिल रहा है और काम के दौरान समय की भी बचत हो रही है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए छत्तीसगढ़ शासन एवं श्रम विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
Share this post with:
18 Nov 2026 61 Views