Share this post with:
रायपुर। छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक चेतना के प्रतिनिधि तथा हिंदी साहित्य के महत्वपूर्ण हस्ताक्षर गजानन माधव मुक्तिबोध को समर्पित पांच दिवसीय मुक्तिबोध राष्ट्रीय नाट्य समारोह-2026 का आयोजन 13 से 17 नवंबर तक रायपुर के रंगमंदिर में किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ फिल्म एंड विजुअल आर्ट सोसाइटी द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित समारोह में देश के विभिन्न शहरों से आए रंगमंच समूहों द्वारा छह चर्चित नाटकों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। नाटकों के साथ रंगसंगीत की विशेष प्रस्तुति भी होगी। समारोह में सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेता, रंगकर्मी, गीतकार एवं संगीतकार पीयूष मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि फिल्म निर्देशक, अभिनेता एवं वरिष्ठ रंगकर्मी राजेन्द्र गुप्ता समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
समारोह के पहले दिन 13 नवंबर, शुक्रवार को दो नाट्य प्रस्तुतियां होंगी। बिलासपुर के अजन नाट्य दल द्वारा सुनील चिपड़े के निर्देशन में अंधेरे में नाटक का मंचन किया जाएगा। इसी दिन सुप्रसिद्ध अभिनेता एवं रंगकर्मी राजेन्द्र गुप्ता की प्रस्तुति संसद से सड़क तक भी आकर्षण का केंद्र होगी, जिसका निर्देशन आर. एस. विकल ने किया है। 14 नवंबर, शनिवार को राजनांदगांव के रंग छत्तीसगढ़ समूह द्वारा पूनम तिवारी एवं साथियों की रंगसंगीत प्रस्तुति होगी। इसी दिन जबलपुर के विवेचना रंगमंडल द्वारा पर पाजेब न भीगो नाटक प्रस्तुत किया जाएगा। इसका निर्देशन प्रगति विवेक पांडे ने किया है। 15 नवंबर, रविवार को इलाहाबाद के समानांतर नाट्य समूह की प्रस्तुति युद्ध नहीं, चाहिए शांति का मंचन होगा। इस नाटक की परिकल्पना एवं निर्देशन अनिल रंजन भौमिक ने किया है। 16 नवंबर, सोमवार को उज्जैन के अभिनव रंगमंडल द्वारा एक इंस्पेक्टर से मुलाकात नाटक प्रस्तुत किया जाएगा। इसका निर्देशन शरद शर्मा ने किया है।
समारोह के अंतिम दिन 17 नवंबर, मंगलवार को मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय, भोपाल की रंग प्रयोगशाला द्वारा गुडिय़ा की शादी नाटक का मंचन किया जाएगा। इसका निर्देशन संजय श्रीवास्तव ने किया है। इस तरह पांच दिनों में छह नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को देश के अलग-अलग क्षेत्रों की रंगमंचीय शैलियों, कथ्य, अभिनय और निर्देशकीय दृष्टि से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
समारोह में प्रवेश के लिए पांचों दिनों का सीजन पास 200 रुपये तथा प्रतिदिन का प्रवेश पास 50 रुपये की सहयोग राशि पर उपलब्ध रहेगा। प्रवेश पास रंगमंदिर में नाटक शुरू होने से पहले प्राप्त किए जा सकते हैं। समारोह प्रतिदिन शाम 7 बजे से रंगमंदिर, गांधी चौक, रायपुर में आयोजित होगा। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 89594 44440 एवं 62329 49114 पर संपर्क किया जा सकता है।
Share this post with:
11 Nov 2026 2 Views
11 Nov 2026 1 Views
11 Nov 2026 9 Views
10 Nov 2026 25 Views
10 Nov 2026 16 Views
09 Nov 2026 29 Views
07 Nov 2026 55 Views
05 Nov 2026 50 Views