Share this post with:
00 चुनाव के बीच प्रभारी को हटाना युवा कांग्रेस के जर्जर और रीढ़विहीन संगठनात्मक ढाँचे का प्रत्यक्ष प्रमाण : भाजयुमो
रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने युवक कांग्रेस के चुनाव को लेकर कटाक्ष करते हुए कांग्रेस की नीतियों पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने युवक कांग्रेस के संगठनात्मक ढाँचे और चुनाव प्रक्रिया पर प्रश्न उठाते हुए कहा कि चुनाव के ठीक मध्य में यूथ कांग्रेस छत्तीसगढ़ प्रभारी अमित पठानिया को पद से हटाना और उनके स्थान पर डॉ. स्मृति रंजन लेंका को जिम्मेदारी सौंपना यह साबित करता है कि कांग्रेस के भीतर अंदरूनी कलह और अविश्वास किस चरम पर है।
टिकरिहा ने कहा कि अब यह साफ हो चुका है कि युवा कांग्रेस के भीतर अनुशासन नाम की कोई चीज नहीं बची है और इनका पूरा ढाँचा ताश के पत्तों की तरह ढह रहा है। उन्होंने कहा कि युवक कांग्रेस का चुनाव पूंजीपतियों के लिए हैं और एक सामान्य गरीब कार्यकर्ता के सामर्थ्य एवं पहुंच से कोसों दूर है क्योंकि एक मत पंजीयन का खर्च 75₹ का है , इस हिसाब से कांग्रेस के किसी गरीब बेरोजगार युवा नेता को एक हजार मत के लिए 75 हजार रुपये खर्च करने पड़ेंगे।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्री टिकरिहा ने कहा कि भाजपा में किसी भी सामान्य कार्यकर्ता को भी सम्मानित स्थान उसके कार्यकुशलता के आधार पर दिया जाता है जिसका उदाहरण मैं स्वयं हूं जिसे पार्टी ने छोटे से गांव से होने पर भी आज भाजपा की युवा इकाई भाजयुमो का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है । उन्होंने संभावितों के नाम पर चुटकी लेते हुए कहा कि युवक कांग्रेस चुनाव का मंडप सज के तैयार है और संभावित नामों को देखकर महसूस हो रहा है कि इस बार दुल्हा किसी नेता का पुत्र ही बनना तय है। संभावित नाम में एक नाम पूर्व उप मुख्यमंत्री का भतीजा है, तो एक पूर्व मंत्री का पुत्र है। एक नाम तो ऐसा भी सुनाई आ रहा है जो आपराधिक प्रवृत्ति में लिप्त पाया गया है परन्तु पूर्व महापौर का भतीजा होने के कारण वह भी दौड़ में से शामिल है, जबकि उसके पिता स्वयं बड़े घोटाले में संलिप्तता के कारण जेल की सलाखों के पीछे हैं । इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उम्र सीमा तय होने के कारण फर्जी दस्तावेजों को आधार बना कर भी कई नेता मैदान में आने की जानकारी आ रही है।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्री टिकरिहा ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे चैट इस बात के गवाह हैं कि युवा कांग्रेस में खुलेआम पक्षपात, अपनों को रेवड़ियाँ बाँटने और भारी अनियमितताओं का खेल चल रहा है। श्री टिकरिहा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि युवा कांग्रेस का यह कैसा 'स्टार परफॉर्मर' शो है, जहाँ परफॉर्मेंस काम से नहीं, बल्कि आकाओं की परिक्रमा और गुटबाजी से तय होती है! चुनाव की घोषणा के बाद से विवाद और नामांकन प्रक्रिया स्थगित करने की नौबत आ रही है। जो संगठन अपने खुद के घर को नहीं सम्भाल सकता, जिसके नेता आपस में ही लड़ रहे हैं, वह प्रदेश के युवाओं के भविष्य की बात करने का ढोंग बंद करे। एक पद-एक व्यक्ति के खोखले दावों और नियमों में बार-बार बदलाव से यह स्पष्ट है कि कांग्रेस केवल युवाओं को गुमराह करना जानती है। जनता और प्रदेश के युवा कांग्रेस की इस जर्जर स्थिति और अंतर्कलह को अच्छी तरह देख रहे हैं। भाजयुमो छत्तीसगढ़ के युवाओं के साथ मजबूती से खड़ा है और कांग्रेस के इस ड्रामे को बेनकाब करता रहेगा।
Share this post with:
26 Jun 2026 44 Views
25 Jun 2026 28 Views
25 Jun 2026 42 Views
24 Jun 2026 31 Views
23 Jun 2026 57 Views
23 Jun 2026 47 Views