Share this post with:
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। यह योजना महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनके आत्मसम्मान को भी सशक्त कर रही है। प्रदेश के विभिन्न जिलों की लाखों महिलाओं की तरह सूरजपुर जिले के ग्राम पीढ़ा की निवासी श्रीमती धन कुंवर राजवाड़े के लिए भी यह योजना कठिन समय में संबल बनकर सामने आई है।
श्रीमती धन कुंवर बताती हैं कि उनके पति स्वर्गीय सागम साय राजवाड़े के निधन के बाद जीवन की जिम्मेदारियां बढ़ गई थीं। ऐसे समय में महतारी वंदन योजना के अंतर्गत मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता ने उन्हें राहत प्रदान की। योजना से प्राप्त राशि का उपयोग वे मुख्य रूप से अपने स्वास्थ्य की देखभाल और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था में करती हैं।वे कहती हैं कि नियमित रूप से मिलने वाली यह सहायता उनके लिए केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि आत्मविश्वास का स्रोत भी है। इससे उन्हें अपनी दैनिक जरूरतों के लिए किसी अन्य पर निर्भर नहीं रहना पड़ता और वे अपनी आवश्यकताओं को स्वयं पूरा कर पा रही हैं।
श्रीमती धन कुंवर का मानना है कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर भी प्रदान कर रही है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त किया।
महतारी वंदन योजना आज प्रदेश की लाखों महिलाओं के लिए सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन चुकी है। यह योजना महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है, जिससे उनके जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संचार हो रहा है।
Share this post with: