Share this post with:
00 सेवा संकल्प अभियान में छत्तीसगढ़ की अहम भागीदारी
रायपुर/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में व्यापक सेवा संकल्प अभियान चलाने जा रही है। इसी अभियान की तैयारियों और संगठनात्मक रूपरेखा को लेकर शनिवार, 22 अगस्त को नई दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में आयोजित बैठक में देशभर के प्रदेश अध्यक्षों, संगठन महामंत्रियों तथा सेवा संकल्प अभियान के लिए गठित प्रदेश स्तरीय टीमों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में छत्तीसगढ़ की टीम ने भी सक्रिय भागीदारी की।
राष्ट्रीय स्तर की बैठक में छत्तीसगढ़ से क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकटेश्वर राव, प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडेय, अमित साहू, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा तथा भाजपा महिला मोर्चा छत्तीसगढ़ की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा सेवा गतिविधियों को जनभागीदारी से जोडऩे पर मंथन हुआ।
सेवा को संगठन की कार्यसंस्कृति के रूप में आगे बढ़ाने की तैयारी
भाजपा की योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और उनके नेतृत्व में सेवा एवं जनकल्याण के 25 वर्षों को केंद्र में रखते हुए देशभर में सेवा गतिविधियों का विस्तार करने की है। राष्ट्रीय स्तर पर तय कार्यक्रमों में स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच शिविर, जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र लोगों को जोडऩे और युवाओं को सेवा तथा नवाचार से जोडऩे जैसी गतिविधियां शामिल हैं। पार्टी के अनुसार अभियान का उद्देश्य सेवा कार्यों को केवल आयोजन तक सीमित रखने के बजाय समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके तहत लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए ब्लॉक स्तर पर विभागीय शिविर लगाने और सेवा गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की भी योजना है। राष्ट्रीय स्तर पर सेवा में मेरा योगदान जैसे कार्यक्रमों के जरिए नागरिकों और युवाओं को सेवा कार्यों से जोडऩे की तैयारी की गई है।
छत्तीसगढ़ में 7 सदस्यीय टीम को जिम्मेदारी
छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश कार्यालय द्वारा सेवा संकल्प उत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के लिए प्रदेश स्तर पर संयोजक एवं सदस्यों की नियुक्ति की गई है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देशानुसार प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन को संयोजक बनाया गया है। प्रदेश स्तरीय टीम में वेंकटेश्वर राव, अमित साहू, हर्षिता पांडेय, विभा अवस्थी, राहुल टिकरिहा और अभिकेश केशरी को सदस्य बनाया गया है। इस टीम को अभियान से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के समन्वय और क्रियान्वयन की जिम्मेदारी दी गई है। इस सूची में विभा अवस्थी का शामिल होना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। भाजपा महिला मोर्चा छत्तीसगढ़ की प्रदेश अध्यक्ष के रूप में वे महिला शक्ति और समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा गतिविधियों को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
देशभर में बूथ स्तर तक पहुंचेगा अभियान
राष्ट्रीय स्तर पर हुई बैठक के बाद भाजपा ने अभियान की तैयारियों को प्रदेश से लेकर जिला और बूथ स्तर तक ले जाने की दिशा तय की है। राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला पूरी हो चुकी है, जबकि राज्यों में कार्यशालाओं के बाद जिला और ब्लॉक स्तर पर भी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। पार्टी का लक्ष्य अभियान को संगठन के अंतिम स्तर यानी बूथ तक पहुंचाना है। राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े के अनुसार अभियान के दौरान सेवा गतिविधियों के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को केंद्र सरकार की योजनाओं से जोडऩे पर भी जोर रहेगा। आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को लाभ दिलाने के लिए विभागीय शिविर आयोजित करने की योजना है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान से लेकर नवाचार तक कार्यक्रम
अभियान की प्रस्तावित गतिविधियों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान और मातृ संवाद जैसे कार्यक्रम भी शामिल हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं के माध्यम से देशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचने और बच्चों के पोषण तथा देखभाल में योगदान देने वाली कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने की योजना है। इसके साथ ही युवाओं को स्वच्छता, वृक्षारोपण और टीबी मरीजों की पहचान जैसे सेवा कार्यों से जोडऩे के लिए डिजिटल माध्यमों का भी उपयोग किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ की टीम के लिए भी बड़ी जिम्मेदारी
राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ की टीम की भागीदारी को प्रदेश में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संगठन स्तर पर तय जिम्मेदारियों के अनुरूप प्रदेश टीम सेवा गतिविधियों की रूपरेखा तैयार कर उसे मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक ले जाने की दिशा में काम करेगी। विशेष रूप से महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी की भूमिका महिला केंद्रित सेवा कार्यक्रमों, जनसंपर्क और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी बढ़ाने के लिहाज से अहम होगी। उनके साथ प्रदेश स्तरीय टीम के अन्य सदस्यों को भी अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों के समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है।
Share this post with:
23 Aug 2026 12 Views
23 Aug 2026 15 Views
23 Aug 2026 32 Views
21 Aug 2026 37 Views
21 Aug 2026 22 Views
20 Aug 2026 207 Views
20 Aug 2026 37 Views