CNIN News Network

निगम उपचुनाव के लिए कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी ने किया नामांकन दाखिल

15 May 2026   4 Views

निगम उपचुनाव के लिए कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी ने किया नामांकन दाखिल

Share this post with:

जगदलपुर। नगर निगम उपचुनाव के लिए कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी ने आज अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में राजीव भवन से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवादल और वरिष्ठ नेता शामिल हुए। पार्टी झंडों और नारों के बीच कांग्रेसजनों ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए प्रत्याशी का उत्साहवर्धन किया। कलेक्ट्रेट पहुंचकर रामकृष्ण तिवारी ने वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया।
इस दौरान जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि कांग्रेस हमेशा विकास, जनसेवा, सामाजिक न्याय और अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने दावा किया कि नामांकन रैली में उमड़ी भीड़ इस बात का संकेत है कि कांग्रेस प्रत्याशी उपचुनाव में भारी बहुमत से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में सड़क, पानी, सफाई और मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी को बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि जनता इस उपचुनाव में जवाब देगी।
प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी ने क्षेत्रवासियों के समर्थन पर आभार जताते हुए कहा कि वे स्वर्गीय रशीद खान के मार्गदर्शन और जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि वार्ड की समस्याओं का त्वरित समाधान, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा तथा क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। रामकृष्ण तिवारी ने पार्टी नेतृत्व, प्रदेश और जिला संगठन सहित सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद देते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा से खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल उनका नहीं, बल्कि वार्ड के हर उस नागरिक का है जो वास्तविक विकास चाहता है।
इस दौरान कनीज फातिमा, उमाशंकर शुक्ला, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, मिथलेश स्वर्णकार, पूर्व महापौर जतिन जायसवाल, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, रामशंकर राव, हनुमान द्विवेदी, अभिषेक नायडू, जाहिद हुसैन, सुनीता सिंह, सुषमा सुता, अनुराग महतो, कौशल नागवंशी, निकेत राज झा, विशाल खंबारी, रोजवीन दास, राजेंद्र पटवा, हेमू उपाध्याय, अब्दुल सईद, ललिता राव, अंजना नाग और शहनाज बेगम सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13783/16

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web