Share this post with:
नारायणपुर। जिले में तैनात आईटीबीपी के सामरिक मुख्यालय जेलबाड़ी में माड़ मैत्री अभियान के अंतर्गत नारायणपुर पुलिस, 45वीं वाहिनी आईटीबीपी एवं 53वीं वाहिनी आईटीबीपी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 03 दिवसीय योग शिविर का बुधवार को समापन हुआ। कार्यक्रम का आयोजन पतंजलि योग समिति, नारायणपुर शाखा के सहयोग से किया गया। शिविर में आसपास के ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं, मीडिया प्रतिनिधियों तथा सुरक्षा बल के जवानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। माड़ मैत्री अभियान के तहत आयोजित यह योग शिविर स्थानीय समुदाय के स्वास्थ्य संवर्धन, जनजागरूकता एवं जनसंपर्क को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु पतंजलि योग समिति, मीडिया प्रतिनिधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पद्मश्री पंडी राम मंडावी ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों एवं युवाओं से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
45वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट राजीव गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक वैज्ञानिक पद्धति है। माड़ मैत्री अभियान के माध्यम से स्थानीय समुदाय को स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जनकल्याण से जोडऩे के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ सुरक्षा बलों एवं स्थानीय नागरिकों के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करते हैं।
53वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट संजय कुमार ने कहा कि योग व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक विकास का सशक्त माध्यम है। तीन दिवसीय शिविर में ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता यह दर्शाती है कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। भविष्य में भी माड़ मैत्री अभियान के अंतर्गत ऐसे जनहितकारी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
यह योग शिविर पुलिस अधीक्षक नारायणपुर रॉबिन्सन गुरिया, 45वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट राजीव गुप्ता तथा 53वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट संजय कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर के दौरान पतंजलि योग समिति के प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। साथ ही नियमित योगाभ्यास के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के उपायों की जानकारी भी दी गई। तीन दिनों तक संचालित इस योग शिविर में 600 से अधिक ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त किए। शिविर के दौरान प्रतिभागियों में योग के प्रति विशेष उत्साह एवं जागरूकता देखने को मिली।
Share this post with:
10 Jun 2026 24 Views
10 Jun 2026 24 Views
09 Jun 2026 39 Views
09 Jun 2026 44 Views
08 Jun 2026 27 Views
08 Jun 2026 54 Views