CNIN News Network

नारायणपुर में धान खरीदी केंद्रों की संख्या 17 से बढ़कर 19 हुई, किसी ने टोकन नहीं कटवाया

13 Nov 2026   18 Views

नारायणपुर में धान खरीदी केंद्रों की संख्या 17 से बढ़कर 19 हुई, किसी ने टोकन नहीं कटवाया

Share this post with:


नारायणपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से शुरू होने जा रही है। इसे लेकर नारायणपुर जिले में प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में धान खरीदी केंद्रों की संख्या 17 से बढ़ाकर 19 कर दी गई है। हलामीमुंजमेटा और तारागांव में दो नए उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। मानसून में देरी और दीपावली के त्योहार के चलते अधिकांश किसान अभी धान कटाई और मिंजाई के काम में जुटे हुए हैं। यही वजह है कि आज शुक्रवार तक जिले में एक भी किसान ने धान बिक्री के लिए टोकन नहीं कटवाया है।
जिले के 10 हजार 686 पंजीकृत किसानों से लगभग 04 लाख 30 हजार क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। यह लक्ष्य पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 50 हजार क्विंटल अधिक है। टोकन व्यवस्था में उपार्जन केंद्रों की दैनिक खरीदी क्षमता का 70 प्रतिशत टोकन ऑनलाइन माध्यम से और शेष 30 प्रतिशत टोकन ऑफलाइन माध्यम से जारी किए जाएंगे। ऑनलाइन जारी होने वाले टोकन में 80 प्रतिशत लघु एवं सीमांत किसानों के लिए तथा 20 प्रतिशत बड़े किसानों के लिए आरक्षित रहेंगे। ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने के लिए आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आने वाले ओटीपी के माध्यम से सत्यापन अनिवार्य होगा।
इस वर्ष राज्य शासन ने किसानों को धान का कुल 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान निर्धारित किया है। निर्धारित दर के अनुसार धान सामान्य का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये और धान ग्रेड-ए का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,461 रुपये प्रति क्विंटल है। शेष राशि राज्य शासन की निर्धारित व्यवस्था के अनुसार दी जाएगी। धान खरीदी के लिए प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल की सीमा निर्धारित की गई है। वहीं, धान में नमी की अधिकतम मात्रा 17 प्रतिशत तय की गई है. प्रत्येक बोरे में 40 किलोग्राम धान का वजन निर्धारित रहेगा। ऐसे में किसानों को सलाह दी गई है कि वे धान को अच्छी तरह सुखाकर और साफ-सफाई के बाद ही खरीदी केंद्रों तक लेकर पहुंचें।
आदिमजाति सेवा सहकारी समिति खरीदी केंद्र एड़का की खरीदी प्रभारी पुनेश्वर पांडे ने बताया कि अभी तक किसान आए नहीं है, नारायणपुर जिले में देर तक बारिश हुई इसलिए धान कटाई भी देर से हुई। 15 से 20 नवंबर तक किसान धान टोकन कटवाने आएंगे। खरीदी केंद्रों में लाइट, नेटवर्क, बिजली सभी की व्यवस्था आ गई है। शौचालय औऱ पानी की व्यवस्था भी है। नया बारदाना पहुंच गया है, पुराना बारदाना अभी नहीं पहुंचा है ।
धान खरीदी के नोडल अधिकारी प्रतीक अवस्थी ने बताया कि कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देश पर धान खरीदी केंद्रों की संख्या 17 से बढ़ाकर 19 कर दी गई है। इसमें हलामीमुंजमेटा और तारागांव में नए उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इससे इन क्षेत्रों के किसानों को अब धान बेचने के लिए दूर-दराज के केंद्रों तक जाने की आवश्यकता कम होगी।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web