CNIN News Network

नायब तहसीलदार से कथित मारपीट मामला में तहसीलदारों ने की सामूहिक हड़ताल, राजस्व कामकाज हुआ प्रभावित

29 May 2026   2 Views

नायब तहसीलदार से कथित मारपीट मामला में तहसीलदारों ने की सामूहिक हड़ताल, राजस्व कामकाज हुआ प्रभावित

Share this post with:


अंबिकापुर। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो पर नायब तहसीलदार को पीटने का आरोप लगाया गया है। विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ में 500 से ज्यादा तहसीलदार आज हड़ताल पर हैं। रायपुर, रायगढ़ और सरगुजा में तहसीलदारों की हड़ताल से राजस्व कामकाज प्रभावित हुआ है।
बता दें कि सरगुजा में राजापुर उप तहसील के नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने विधायक और उनके समर्थकों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है, जिसके बाद विधायक समेत 10 लोगों पर FIR हुई है। वहीं, विधायक टोप्पो की बहन ने भी नायब तहसीलदार पर आरोप लगाया है कि तुषार मानिक ने बदसलूकी करते हुए उन्हें ऑफिस से बाहर निकाला, इस बात को लेकर ही विवाद हुआ। थाने में शिकायत के बाद तुषार मानिक पर भी FIR हुई है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
विधायक टोप्पो ने कहा है कि वे खुद अपनी गिरफ्तारी देने थाने जा रहे हैं। राजस्व कर्मियों को हड़ताल पर जाने की कोई जरूरत नहीं है। विधायक ने समर्थकों से अपील करते हुए कहा कि किसी तरह का जमावड़ा या पैनिक होने की जरूरत नहीं है। यह सुशासन की सरकार है, जहां उनके खिलाफ FIR दर्ज कराने में भी कोई परेशानी नहीं हुई, इसलिए अब वे खुद गिरफ्तारी भी देंगे। साथ ही उन्होंने कांग्रेस शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय ऐसा नहीं होता था।
बता दें कि मैनपाट की राजापुर उप तहसील में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी ने जमीन के शाख शोध पत्र बनवाने के लिए 14 मई को फाइल जमा की थी। आरोप है कि नायब तहसीलदार तुषार मानिक और बाबू कई दिनों से उसे काम के लिए दफ्तर के चक्कर लगवा रहे थे। बुधवार (27 मई) को भी वह अपने काम के सिलसिले में उप तहसील कार्यालय पहुंचीं थी।
सीमा धनकी ने आरोप लगाया है कि नायब तहसीलदार तुषार मानिक से उन्होंने फाइल पर साइन करने के लिए कहा तो वे भड़क गए और कहा कि तुम होती कौन हो हस्ताक्षर करने के लिए कहने वाली, जाकर मैनपाट में हस्ताक्षर करा लो। इसके बाद उसे तहसील से बाहर करने के लिए भी कहा गया। इसकी जानकारी सीमा धनकी ने विधायक रामकुमार टोप्पो को दी तो विधायक के समर्थक उप तहसील पहुंच गए।
आरोप है कि शाम करीब 6 बजे विधायक रामकुमार टोप्पो ने सीतापुर लौट चुके नायब तहसीदार को वापस राजापुर बुलाया। नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ SDM फागेश सिन्हा भी राजापुर पहुंचे। नायब तहसीलदार तुषार मानिक से विधायक रामकुमार टोप्पो ने बहन से अभद्र व्यवहार करने को लेकर पूछा। तुषार मानिक ने कहा कि अभद्रता नहीं की गई है, वे तुरंत हस्ताक्षर करने के लिए कह रही थीं, उन्हें कल बुलाया गया है। इतना कहते ही विधायक के समर्थकों ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। विधायक रामकुमार टोप्पो ने उन्हें किनारे बुलाया और मारपीट की। बीच-बचाव में एसडीएम फागेश सिन्हा आए और उन्हें बचाकर बाहर निकाला।
नायब तहसीलदार ने आरोप लगाया कि विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थक मारपीट के इरादे से ही आए थे। उन्होंने बहन के साथ अभद्रता का आरोप लगाकर मारपीट की, जबकि ऐसा नहीं हुआ है। SDM फागेश सिन्हा अपनी गाड़ी में नायब तहसीलदार को बैठाकर अंबिकापुर के लिए रवाना हो गए। घटना के बाद सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनकी बहन सीतापुर थाने पहुंचे। विधायक की बहन की ओर से थाने में शिकायत की गई है।
इस मामले में दोनों पक्ष पर काउंटर FIR हुई है। नायब तहसीलदार की शिकायत पर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों के खिलाफ FIR हुई है। शासकीय काम में बाधा डालने सहित मारपीट की धारा (BNS 221, 191) लगाई गई है।इसमें रामकुमार टोप्पो, यूसुफ, नाजिम राजा, पंकज गुप्ता सहित 10 लोग शामिल है। वहीं विधायक की बहन की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक पर भी मामला दर्ज हुआ है। तुषार मानिक पर महिलाओं से जुड़े अपराध, सार्वजनिक जगह पर अश्लीलता फैलाने, आपराधिक धमकी की धारा (BNS 79, 296, 351) लगाई गई है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13783/16

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web