Share this post with:
बिलासपुर। रेलवे राजस्व की सुरक्षा, यात्रियों में टिकट लेकर यात्रा करने की आदत को प्रोत्साहित करने तथा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा 21 मई 2026 से 14 जून 2026 तक विशेष नाका टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान मुख्यालय के निर्देशानुसार वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान मंडल के बिलासपुर, चांपा, रायगढ़ सहित सभी प्रमुख स्टेशनों तथा विभिन्न मेल/एक्सप्रेस एवं यात्री ट्रेनों में व्यापक स्तर पर टिकट जांच की गई। इस विशेष अभियान में वाणिज्य विभाग के अधिकारियों, वाणिज्य निरीक्षकों, मुख्य टिकट निरीक्षकों, टिकट जांच कर्मचारियों तथा रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आकस्मिक निरीक्षण एवं सघन टिकट जांच अभियान संचालित किया। इस विशेष अभियान के दौरान कुल 5,646 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 3,667 बिना टिकट यात्रा, 1,814 अनियमित यात्रा 159 बिना बुक किए गए सामान (लगेज) तथा 06 गंदगी फैलाने से संबंधित मामले शामिल हैं। इन मामलों में संबंधित यात्रियों से किराया एवं जुर्माना के रूप में 36 लाख 10 हजार 06 रुपये की राशि वसूल की गई।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल राजस्व संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों में वैध टिकट के साथ यात्रा करने के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा रेलवे नियमों के पालन को सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है, रेलवे राजस्व में वृद्धि हुई है तथा वैध टिकटधारी यात्रियों को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक यात्रा वातावरण उपलब्ध कराने में सहायता मिली है।
रेलवे प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व उचित एवं वैध टिकट अवश्य प्राप्त करें तथा अपने सामान की नियमानुसार बुकिंग कराएं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों के हित एवं रेलवे नियमों के प्रभावी अनुपालन हेतु भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष टिकट जांच अभियान नियमित रूप से चलाए जाते रहेंगे।
Share this post with:
16 Jun 2026 39 Views
14 Jun 2026 57 Views
13 Jun 2026 37 Views
12 Jun 2026 35 Views