CNIN News Network

नगरीय निकाय चुनाव में बनेगी भाजपा की सरकार, अंत्योदय का भाव जन जन तक पहुँचेगा : पाण्डेय

03 Nov 2026   9 Views

नगरीय निकाय चुनाव में बनेगी भाजपा की सरकार, अंत्योदय का भाव जन जन तक पहुँचेगा : पाण्डेय

Share this post with:

00 नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा: 17 निकायों और 400 वार्डों में जीत के लिए बनी रणनीति
रायपुर। आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि पंचायत स्तर और पार्षद से लेकर पार्लियामेंट तक अंत्योदय का भाव जन-जन तक पहुँचे, यह भारतीय जनता पार्टी की कार्यशैली और रीति-नीति रही है। वार्ड पार्षद विकास की एक अत्यन्त महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। जिस प्रकार पंचायतें ग्रामीण विकास का जरिया बनती हैं, ठीक उसी तरह नगर निगम और नगर पालिकाएँ शहरों के सर्वांगीण विकास का माध्यम हैं। श्री पाण्डेय ने कहा कि डबल इंजन सरकार के साथ-साथ शहरों में नगर सरकार की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण होती है।
पाण्डेय ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आहूत बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा के दौरान विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी नगर निकाय चुनावों में भी जनता के आशीर्वाद से शहरों में भाजपा की नगर सरकार बनेगी। मैदान में उतरने से पहले की पूर्व तैयारी के तहत पार्टी अपने बूथों और शक्ति केन्द्रों को सुदृढ़ कर रही है। इसके तहत बूथ समितियों की समीक्षा की जा रही है कि वे पूरी तरह दुरुस्त हैं या नहीं? यदि कहीं नई नियुक्तियाँ कर संगठन को सक्रिय करने की आवश्यकता है, तो उसे समय रहते पूरा किया जा रहा है। इसी चुनावी व संगठनात्मक तैयारी के निमित्त यह महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित सभी प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर और क्षेत्रीय पदाधिकारी मौजूद रहे। श्री पाण्डेय ने बताया कि बैठक में संगठन के वरिष्ठ नेतृत्व का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ और सभी ने मिलकर नगरीय निकाय चुनावों में पार्टी की विजय सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। पाण्डेय ने बताया कि नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत के अंतर्गत आने वाले 17 निकायों में चुनाव होने हैं, जिनमें 17 अध्यक्ष पदों और 400 पार्षदों के पदों पर निर्वाचन होना है। इन चुनावों में पार्टी की रणनीति और आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई है। चुनाव से पूर्व आने वाले समय में दीपावली मिलन और छठ पूजा जैसे प्रमुख पर्व-त्योहारों के कार्यक्रमों के साथ-साथ संगठन को सशक्त करने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web