CNIN News Network

नक्सली डंप से 15 किलो वजनी आईईडी सहित हथियार बरामद

08 Jul 2026   15 Views

नक्सली डंप से 15 किलो वजनी आईईडी सहित हथियार बरामद

Share this post with:

नारायणपुर। जिले में नक्सलवाद के खात्में के बाद लगातार चलाये जा रहे अभियान के तहत नारायणपुर पुलिस और 53वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की संयुक्त टीम ने ग्राम एडसमेटा जंगल में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटकों का डम्प बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान 15 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर आईईडी सहित बड़ी मात्रा में देशी हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। बम निरोधक दस्ते ने आईईडी को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।
नारायणपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नक्सलमुक्त घोषित क्षेत्रों में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने और नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार सघन सर्चिंग, एरिया डॉमिनेशन एवं नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विश्वसनीय सूचना के आधार पर आज बुधवार को अडि़ंगपार कैंप से ग्राम एडसमेटा एवं आस-पास के जंगल क्षेत्र में संयुक्त सर्चिंग अभियान संचालित किया गया। यह अभियान नारायणपुर पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुडिय़ा, 53वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट संजय कुमार के मार्गदर्शन तथा द्वितीय कमान संजय भारद्वाज के पर्यवेक्षण में चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सहायक कमांडेंट आजाद सिंह ने किया। संयुक्त टीम में आईटीबीपी के 34 जवान, नारायणपुर पुलिस का एक प्रतिनिधि और पांच सदस्यीय बम निरोधक दस्ता शामिल था।
सर्चिंग के दौरान जंगल में छिपाकर रखे गए नक्सलियों के डम्प से 15 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर आईईडी, एक स्थानीय स्तर पर निर्मित रॉकेट लॉन्चर, 16 देशी 51 मिमी मोर्टार राउंड, 5 देशी 84 मिमी रॉकेट लॉन्चर राउंड, 10 देशी 40एवं 46 मिमी बैरल ग्रेनेड लॉन्चर, .303 राइफल के 8 कारतूस तथा 4 सामरिक पाउच बरामद किए गए। बरामद प्रेशर कुकर आईईडी को बम निरोधक दस्ते ने निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए नियंत्रित विस्फोट के माध्यम से मौके पर ही सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया गया। अभियान के बाद संयुक्त सुरक्षा दल सुरक्षित अडि़ंगपार कैंप लौट आया है। पुलिस ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सर्चिंग एवं नक्सल विरोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13843/16

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web