CNIN News Network

नक्सलवाद के खात्मा होने पर 35 वर्ष बाद बीजापुर विधायक ग्राम बंदेपारा पहुंचे

23 Nov 2026   1 Views

नक्सलवाद के खात्मा होने पर 35 वर्ष बाद बीजापुर विधायक ग्राम बंदेपारा पहुंचे

Share this post with:


बीजापुर। जिले के भोपालपट्टनम ब्लॉक के दूरस्थ एवं धुर नक्सल प्रभावित रहे ग्राम बंदेपारा में नक्सलवाद का खात्मा होने पर 35 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद सोमवार को बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना। ग्रामीणों ने बताया कि करीब 35 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद पहली बार कोई क्षेत्रीय विधायक उनके गांव पहुंचा है। ग्रामीणों का कहना था कि उनके लिए खुशी इस बात की है कि इतने वर्षों बाद किसी विधायक ने उनके गांव तक पहुंचकर उनकी सुध ली है।
इस दौरान विधायक विक्रम मंडावी ने बंदेपारा के साथ कचलारम और कोरेनजड़ जैसे दूरस्थ एवं नक्सल प्रभावित गांवों का भी भ्रमण किया। ग्रामीणों ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। विशेष रूप से सड़क निर्माण, पुल-पुलिया जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग प्रमुखता से रखी। ग्रामीणों ने बताया कि आवागमन के बेहतर साधन नहीं होने के कारण उन्हें रोजमर्रा के कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र में सड़क और पुल-पुलिया का निर्माण होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल सकती है।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि क्षेत्र का विकास बेहद जरूरी है और दूरस्थ गांवों तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी मांगों और समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा तथा उनके निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आप सभी की समस्याएं हमारी भी जिम्मेदारी हैं। क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया सहित आवश्यक विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास किए जाएंगे, ताकि जल्द से जल्द विकास की रोशनी इन दूरस्थ गांवों तक पहुंच सके। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के मनोज यालम, उपाध्यक्ष सुनील उद्दे,चापा सुरेंद्र, सुरेश सोढ़ी, बब्बू राठी सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web