CNIN News Network

नई ऊर्जा, नए नेतृत्व और कलेक्टिव ग्रोथ के संकल्प के साथ कैलाश खेमानी बने नए अध्यक्ष

12 Sep 2026   24 Views

नई ऊर्जा, नए नेतृत्व और कलेक्टिव ग्रोथ के संकल्प के साथ कैलाश खेमानी बने नए अध्यक्ष

Share this post with:

00 नई पीढ़ी के मार्गदर्शन के लिए राडा एग्जीक्यूटिव काउंसिल का गठन
रायपुर। ऑटोमोबाइल व्यापार को एक नई दिशा और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के दृढ़ संकल्प के साथ, रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (राडा) की भव्य वार्षिक आम बैठक (एजीएम) सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस ऐतिहासिक बैठक में सर्वसम्मति से श्री कैलाश खेमानी को राडा का नया अध्यक्ष चुना गया। नेतृत्व के इस नए अध्याय की शुरुआत के साथ ही, व्यापार में अगली पीढ़ी के उचित मार्गदर्शन के लिए अनुभवी पूर्व अध्यक्षों को मिलाकर एक नवगठित 'कार्यकारी परिषद' (राडा एग्जीक्यूटिव काउंसिल) की घोषणा भी की गई। नई ऊर्जा, नए विजन और कलेक्टिव ग्रोथ की इस मजबूत नींव के साथ, राडा ने व्यापार के विस्तार, कौशल विकास और नई पीढ़ी को सशक्त बनाने का एक स्पष्ट और दूरदर्शी रोडमैप तैयार किया है।
राडा एग्जीक्यूटिव काउंसिल
व्यापार में अनुभव के हस्तांतरण और कलेक्टिव ग्रोथ के लिए गठित इस विशेष 'एग्जीक्यूटिव काउंसिल' में राडा के अनुभवी पूर्व अध्यक्षों को शामिल किया गया है, जिनमें श्री शशांक शाह, श्री अनिल अग्रवाल, श्री अमर परवानी, श्री मनीष राज सिंघानिया, श्री जयेश पिथालिया, श्री विवेक गर्ग और श्री रविंदर भसीन शामिल हैं। इस नवनिर्मित कार्यकारी परिषद के सदस्यों ने एक संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा, "हम राडा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री कैलाश खेमानी और उनकी पूरी टीम को हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। हमारा उद्देश्य इस मंच को इतना सशक्त बनाना है कि यह व्यापार के सामूहिक विकास के लिए निरंतर कार्य करे। हमें पूर्ण विश्वास है कि नए नेतृत्व में राडा ऑटोमोबाइल व्यापार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा और हम सभी अपने अनुभवों से इस विकास यात्रा में पूरी तरह से सहयोग करेंगे।"
नवनिर्वाचित राडा बोर्ड
इस आम बैठक में नई कार्यकारिणी की विधिवत घोषणा की गई। नई टीम का नेतृत्व अध्यक्ष के रूप में श्री कैलाश खेमानी करेंगे, जबकि उपाध्यक्ष का दायित्व श्री विवेक अग्रवाल को सौंपा गया है। श्री मुकेश सिंघानिया सचिव के रूप में और श्री अभिनव ऋषि कोषाध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। इनके अलावा राडा बोर्ड के अन्य सम्मानित सदस्यों में श्री रविंदर भसीन, श्री विवेक गर्ग, श्री शरद गोयल, श्री प्रशांत मंधान, श्री सूरज परवानी, श्री ऋषि राज सिंघानिया, श्री सुरेंदर आहूजा, श्री पुनीत परवानी, श्री विकास मथानी, श्री मनीष अग्रवाल, श्री रजत छाबड़ा और श्री यशवंत अग्रवाल शामिल हैं। साथ ही, गेस्ट बोर्ड मेंबर्स के रूप में श्री सुनील मध्यानी, श्री गौरव मध्यानी और श्री सौरभ अग्रवाल को भी इस नई कार्यकारिणी का अहम हिस्सा बनाया गया है।
अध्यक्ष श्री कैलाश खेमानी का विजन
1) विभिन्न संस्थानों के साथ मिलकर स्किल्ड मैनपावर का निर्माण
ऑटोमोबाइल डीलरशिप इंडस्ट्री में स्किल्ड मैनपावर की कमी एक बड़ी और निरंतर चुनौती रही है। इस समस्या के स्थायी समाधान पर अपना स्पष्ट विजन साझा करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री कैलाश खेमानी ने बताया कि राडा जल्द ही विभिन्न आईटीआई तथा अन्य तकनीकी व गैर-तकनीकी संस्थानों के साथ एमओयू (MoU) साइन करेगा। उनकी योजना के अनुसार, संस्थानों के साथ मिलकर ऐसे कस्टमाइज्ड कोर्स और विशेष मॉड्यूल तैयार किए जाएंगे, जो युवाओं का कौशल विकास कर उन्हें पूरी तरह से 'इंडस्ट्री रेडी' बना सकें। श्री खेमानी का लक्ष्य है कि इस पहल से न केवल युवाओं के लिए रोजगार के नए और बेहतर अवसर निर्मित हों, बल्कि उद्योग जगत को भी उसकी आवश्यकता के अनुसार आसानी से ट्रेंड व स्किल्ड प्रोफेशनल्स उपलब्ध हो सकें, जिससे डीलरशिप्स की कार्यक्षमता में अभूतपूर्व वृद्धि हो।
2) इनोवेशन और कलेक्टिव ग्रोथ के लिए युवा पीढ़ी की भागीदारी
व्यापार को आधुनिक और भविष्य के अनुकूल बनाने के लिए श्री खेमानी ने युवा पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी को अत्यंत आवश्यक बताया। अपने विजन को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि राडा का उद्देश्य एक ऐसा बेहतरीन और खुला प्लेटफॉर्म तैयार करना है, जहाँ युवा अपने नए, तकनीकी और रचनात्मक विचारों के साथ आगे आ सकें। उनका मानना है कि नई पीढ़ी की अपार ऊर्जा और उत्साह को जब राडा के मंच से सही दिशा मिलेगी, तो इससे व्यापार का सामूहिक और तेजी से विकास होगा। श्री खेमानी ने इस बात पर जोर दिया कि युवाओं को उद्योग की बारीकियों से जोड़कर उन्हें भविष्य के नेतृत्व और चुनौतियों के लिए अभी से तैयार करना राडा की प्राथमिकताओं में शामिल है।
3) कलेक्टिव ग्रोथ की दिशा में 'राडा महिला विंग' का प्रस्ताव
बदलते समय और आधुनिक व्यापारिक आवश्यकताओं को देखते हुए, श्री कैलाश खेमानी ने ऑटोमोबाइल सेक्टर में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 'राडा महिला विंग' बनाने का एक बेहद प्रगतिशील प्रस्ताव रखा। उन्होंने अपने विजन में स्पष्ट किया कि डीलर परिवारों की महिलाएं और नई पीढ़ी की महिला उद्यमी आज अत्यंत उत्साही हैं और पेशेवर चुनौतियों का सामना कर सकती हैं। इस महिला विंग का मुख्य उद्देश्य इन ऊर्जावान महिलाओं को उद्योग की कार्यप्रणाली से गहराई से अवगत कराना है। श्री खेमानी का दृढ़ विश्वास है कि उचित मंच और अवसर मिलने पर महिला उद्यमी अपने कौशल का बेहतरीन उपयोग करेंगी और आधुनिक समय की मांग के अनुसार अपने संबंधित व्यवसायों में बहुमूल्य योगदान देकर उद्योग को नई दिशा देंगी।
नए सदस्यों का स्वागत और उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान
इस वर्ष की वार्षिक आम बैठक में राडा परिवार को विस्तार देते हुए 12 नए सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके साथ ही, संगठन के प्रति सदस्यों के समर्पण और उत्कृष्ट प्रयासों को पहचानने की अपनी परंपरा को निभाते हुए, राडा द्वारा प्रतिवर्ष दिए जाने वाले 'राडा मेंबर ऑफ द ईयर' पुरस्कार की घोषणा की गई। इस वर्ष यह प्रतिष्ठित सम्मान श्री विकास मथानी और श्री विंशु अग्रवाल को उनकी सक्रियता, निरंतर सहयोग और एसोसिएशन के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13997/18

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web