Share this post with:
00 कलेक्टर श्रीमती मिश्रा के निर्देशानुसार शून्य रकबा एवं फसल संबंधी त्रुटियों के निराकरण के लिए प्रशासन ने तेज की कार्रवाई
बालोद। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को सुचारु, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा रकबा संबंधी त्रुटियों के त्वरित निराकरण की पहल की गई है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए शून्य रकबा, रकबे में कमी और फसल संबंधी त्रुटियों को दूर करने की कार्रवाई सर्वोच्च प्राथमिकता से की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि जिले में कुल 1,58,572 किसान पंजीकृत हैं। इनमें से 5,743 किसानों का रकबा समिति मॉड्यूल में शून्य प्रदर्शित हो रहा था। इस समस्या के समाधान के लिए 16 नवंबर से समिति स्तर पर रकबा सुधार का विकल्प उपलब्ध कराया गया है। खाद्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर 12 बजे तक 2540 किसानों के रकबे में सुधार किया जा चुका है। शेष किसानों के रकबे में सुधार की कार्रवाई भी तेजी से जारी है। इसी तरह जिन किसानों के पंजीकृत रकबे में कमी अथवा अन्य फसल दर्ज होने की समस्या सामने आ रही है, उनके लिए तहसीलदार मॉड्यूल में सुधार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। संबंधित अधिकारियों द्वारा प्राप्त प्रकरणों की जांच कर आवश्यक सुधार किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि जिनका रकबा शून्य प्रदर्शित हो रहा है अथवा पंजीकृत रकबे में कमी या अन्य फसल दर्ज है, वे अपने संबंधित धान खरीदी समिति या तहसीलदार के समक्ष उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ सुधार अवश्य कराएं। इससे धान विक्रय के समय होने वाली संभावित परेशानियों से बचा जा सकेगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र किसान को सुविधा मिले और रकबा संबंधी तकनीकी एवं अभिलेखीय त्रुटियों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित हो, ताकि कोई भी किसान अपनी उपज बेचने से वंचित न रहे।
Share this post with:
19 Nov 2026 13 Views
19 Nov 2026 13 Views
19 Nov 2026 18 Views
19 Nov 2026 27 Views
19 Nov 2026 38 Views
19 Nov 2026 27 Views
18 Nov 2026 79 Views