CNIN News Network

धान खरीदी में अनियमितता पर प्रशासन की सख्ती, जीपीएम के लालपुर उपार्जन केंद्र में 100 बोरी धान जब्त

17 Nov 2026   20 Views

धान खरीदी में अनियमितता पर प्रशासन की सख्ती, जीपीएम के लालपुर उपार्जन केंद्र में 100 बोरी धान जब्त

Share this post with:


00 संयुक्त जांच दल की कार्रवाई में 40 क्विंटल ग्रीष्मकालीन एवं मिश्रित किस्म का धान पकड़ा गया
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन की समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, सुव्यवस्थित और नियमों के अनुरूप संचालित करने के लिए जीपीएम जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। धान उपार्जन केंद्रों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के साथ ही किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में जिले के धान उपार्जन केंद्र लालपुर में संयुक्त जांच दल ने कार्रवाई करते हुए 100 बोरी, कुल 40 क्विंटल धान जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पेंड्रारोड, खाद्य निरीक्षक गौरेला एवं कृषि नोडल अधिकारी लालपुर के संयुक्त जांच दल द्वारा धान उपार्जन केंद्र लालपुर में विक्रय के लिए लाए गए धान का निरीक्षण एवं जांच की गई। इस दौरान धान की किस्म और गुणवत्ता की निर्धारित मानकों के अनुरूप जांच की गई। जांच के दौरान ग्राम लालपुर निवासी कृषक सुखीराम राठौर द्वारा विक्रय के लिए लाए गए धान में ग्रीष्मकालीन एवं मिश्रित किस्म का धान पाया गया। निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संयुक्त जांच दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 100 बोरी धान, जिसका कुल वजन 40 क्विंटल है, जब्त कर लिया। जब्त धान को आगे की आवश्यक कार्रवाई एवं निगरानी के लिए समिति प्रबंधक लालपुर की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है। संयुक्त जांच दल की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि प्रशासन समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान नियमों के पालन को लेकर गंभीर है और उपार्जन केंद्रों में लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web