Share this post with:
कोरबा। दोस्ती के नाम पर एक युवक ने कानून हाथ में लेते हुए अपने ही मित्र की पत्नी को देशी कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दे डाला। जटगा पुलिस ने आरोपी राजेश दुबे को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से देसी कट्टा व जिंदा कारतूस को बरामद किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बांधापारा गांव में एक दंपती के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पति ने अपनी समस्या अपने दोस्त राजेश दुबे (43) से साझा की। लेकिन विवाद सुलझाने के बजाय राजेश ने इसे और गंभीर बना दिया। शुक्रवार रात वह अपने दोस्त के घर देशी कट्टा और कारतूस लेकर पहुंचा। घर में घुसते ही उसने महिला को हथियार दिखाकर डराया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि उसने महिला के साथ मारपीट भी की। घटना के दौरान पीडि़ता ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जटगा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। अगर समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो यह मामला और गंभीर रूप ले सकता था। पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली, जिसमें उसके पास से एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मूल रूप से हमीरपुर जिले के हुसैन थाना क्षेत्र का निवासी है। उसने बताया कि करीब 10 साल पहले वह कट्टा-कारतूस लेकर कोरबा आया था और तब से इसे अपने पास छुपाकर रखा हुआ था। वर्तमान में वह कटघोरा क्षेत्र के बांधापारा गाड़ाफादा में रह रहा था।
Share this post with:
26 Apr 2026 18 Views
26 Apr 2026 19 Views
24 Apr 2026 22 Views