CNIN News Network

दिव्यांग बच्चों के लिए यूडीआईडी अभियान को मिली गति, विशेष शिविरों से बढ़ी सुविधा

17 Jul 2026   11 Views

दिव्यांग बच्चों के लिए यूडीआईडी अभियान को मिली गति, विशेष शिविरों से बढ़ी सुविधा

Share this post with:

00 बलरामपुर में विशेष कैंप के माध्यम से 115 बच्चों का पंजीयन, अब तक 186 लोगों का पंजीकरण और 38 को जारी हुए दिव्यांगता प्रमाण पत्र
रायपुर। प्रदेश में दिव्यांगजनों को समयबद्ध और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित यूडीआईडी (Unique Disability ID) अभियान के तहत जिलों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से दिव्यांग बच्चों एवं अन्य पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कर उन्हें दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को गति दी जा रही है।
इसी क्रम में बलरामपुर जिले में कलेक्टर के निर्देशन में जिला अस्पताल में दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष यूडीआईडी शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 115 बच्चों का पंजीयन किया गया। शिविर का उद्देश्य प्रत्येक पात्र बच्चे की दिव्यांगता का गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी परीक्षण कर उन्हें समय पर दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना है, ताकि वे शिक्षा, स्वास्थ्य, छात्रवृत्ति, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें।
समाज कल्याण के अधिकारियो ने बताया कि सभी पात्र बच्चों का निर्धारित मानकों के अनुसार परीक्षण कर पंजीयन किया जा रहा है। इससे दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया तेज होगी और हितग्राहियों को यूडीआईडी कार्ड के माध्यम से विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि बलरामपुर जिला चिकित्सालय में प्रत्येक शुक्रवार को नियमित रूप से दिव्यांगता प्रमाण पत्र शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से अब तक 186 लोगों का पंजीयन किया जा चुका है, जबकि 38 पात्र हितग्राहियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र दिव्यांग व्यक्ति प्रमाण पत्र और यूडीआईडी कार्ड से वंचित न रहे तथा सभी को सरकारी सेवाओं और सुविधाओं का लाभ समय पर उपलब्ध हो सके।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13910/69

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web