Share this post with:
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के प्रतिष्ठित समाजसेवी, सामाजिक नेतृत्वकर्ता एवं सांस्कृतिक व्यक्तित्व योगेश अग्रवाल को दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में प्रतिष्ठित ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आइकॉन अवार्ड’ के अंतर्गत ‘अग्र गौरव अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
14 नवंबर को दिल्ली के डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन द्वारा आयोजित इस समारोह में योगेश अग्रवाल को समाजसेवा, सामाजिक नेतृत्व, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
योगेश अग्रवाल द्वारा महाराजा अग्रसेन जी के जीवन, आदर्शों और समाज के प्रति उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भव्य महानाट्य का निर्माण किया गया है। इस महानाट्य का मंचन अब तक भारत के विभिन्न राज्यों के 40 से अधिक शहरों में हो चुका है। इसके माध्यम से महाराजा अग्रसेन जी के एक ईंट, एक रुपया के सिद्धांत, सामाजिक समरसता, सेवा, सहयोग और समानता की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है।
योगेश अग्रवाल का योगदान केवल कला एवं संस्कृति तक सीमित नहीं है, बल्कि समाजसेवा और संगठनात्मक नेतृत्व के क्षेत्र में भी उनका लंबा और उल्लेखनीय कार्यकाल रहा है। वे लगातार 19 वर्षों तक छत्तीसगढ़ प्रदेश राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे। वर्तमान में वे फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया राइस मिल एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। राइस मिल उद्योग से जुड़े लोगों की समस्याओं के समाधान, उनके हितों की रक्षा तथा उद्योग के विकास के लिए उन्होंने निरंतर सक्रिय भूमिका निभाई है। इसके साथ ही योगेश अग्रवाल अग्रवाल समाज सहित अनेक सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते रहे हैं और वर्तमान में भी विभिन्न संगठनों के माध्यम से समाजसेवा, सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण एवं जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय हैं।
विशेष रूप से समाजसेवा के क्षेत्र में उनकी अग्रणी भूमिका, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं में सक्रिय सहभागिता, लंबे समय तक संगठनात्मक नेतृत्व, उद्योग जगत में योगदान तथा महाराजा अग्रसेन जी के विचारों को महानाट्य के माध्यम से देशभर में प्रचारित-प्रसारित करने के उनके प्रयासों को देखते हुए उनका चयन इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए किया गया।
समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विशिष्ट अतिथि के रूप में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके साथ ही अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के प्रणेता श्री प्रदीप मित्तल सहित देशभर से आए एक हजार से अधिक अग्रवाल समाज के प्रतिनिधि एवं सदस्य कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
योगेश अग्रवाल को मिले इस प्रतिष्ठित सम्मान से छत्तीसगढ़ के अग्रवाल समाज सहित प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं औद्योगिक जगत में हर्ष का वातावरण है। यह सम्मान उनकी वर्षों की समाजसेवा, समर्पण, संगठनात्मक क्षमता और सांस्कृतिक योगदान का राष्ट्रीय स्तर पर मिला महत्वपूर्ण सम्मान है।
Share this post with:
15 Nov 2026 52 Views
15 Nov 2026 86 Views
14 Nov 2026 305 Views
14 Nov 2026 285 Views