CNIN News Network

दपूमरे महाप्रबंधक प्रकाश ने रायपुर स्टेशन का निरीक्षण किया

12 Nov 2026   7 Views

दपूमरे महाप्रबंधक प्रकाश ने रायपुर स्टेशन का निरीक्षण किया

Share this post with:

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल द्वारा दीपावली के बाद अपने घरों एवं कार्यस्थलों पर लौटने वाले यात्रियों तथा आगामी छठ पूजा पर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों पर विशेष तैयारियां की गई हैं। यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष ट्रेनों के संचालन, होल्डिंग एरिया, भीड़ प्रबंधन, खानपान, टिकटिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इसी क्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने रायपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं, विशेष क्राउड मैनेजमेंट प्लान, होल्डिंग एरिया, सुरक्षा एवं संरक्षा संबंधी इंतजामों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रायपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए लगभग 4200 वर्गफीट क्षेत्र में होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है। इसमें लगभग 400 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए यहां सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त रोशनी, पेयजल एवं खानपान की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। होल्डिंग एरिया में यात्रियों को मात्र 15 एवं 20 रुपये में किफायती भोजन तथा 14 रुपये में रेल नीर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त नि:शुल्क पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध है।महाप्रबंधक ने होल्डिंग एरिया में यात्रियों से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया।
टिकट प्राप्त करने के लिए अतिरिक्त सुविधाएं
यात्रियों को बिना अनावश्यक कतार में लगे आसानी से टिकट उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रायपुर स्टेशन पर टिकटिंग सुविधाओं को बेहतर बनाया गया है। स्टेशन पर 20 एटीवीएम के माध्यम से टिकट प्राप्त करने की सुविधा के साथ टिकट काउंटरों की संख्या में वृद्धि तथा मोबाइल टिकटिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। महाप्रबंधक ने टिकटिंग व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया उन्होंने आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट केंद्र, क्लॉक रूम, मार्गदर्शन किओस्क तथा प्लेटफॉर्म नंबर-01 पर स्थापित डिजिटल बैगेज लॉकर का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही प्रतीक्षालय एवं स्वस्थ वेटिंग लाउंज में यात्रियों से चर्चा कर सुविधाओं की जानकारी ली।
सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था का निरीक्षण
यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्टेशन पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों एवं सीसीटीवी कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली का भी महाप्रबंधक ने निरीक्षण किया। उन्होंने कैमरों के माध्यम से स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना या समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web