Share this post with:
00 माल परिवहन के साथ यात्री सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष जोर
रायपुर/बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने माल लदान के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 18 अगस्त 2026 को वित्तीय वर्ष 2026-27 में 100 मिलियन टन माल लदान का आंकड़ा पार कर लिया है। यह उपलब्धि पिछले वर्ष की तुलना में 4 दिन पहले हासिल हुई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह आंकड़ा 22 अगस्त 2025 को प्राप्त हुआ था।
18 अगस्त 2026 तक दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 100.125 मिलियन टन प्रारंभिक माल लदान किया है, जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि में 97.673 मिलियन टन माल लदान हुआ था। इस प्रकार 2.452 मिलियन टन अर्थात 2.51 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। माल लदान के साथ राजस्व में भी सकारात्मक वृद्धि हुई है। इस अवधि में 12,023.6 करोड़ का प्रारंभिक माल भाड़ा राजस्व अर्जित किया गया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के 11,824.2 करोड़ की तुलना में 199.4 करोड़ अर्थात 1.69 प्रतिशत अधिक है। इसी अवधि में 26,535 रेक लोड किए गए, जो पिछले वर्ष की तुलना में 2.59 प्रतिशत अधिक हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के माध्यम से कोयला, लौह अयस्क, इस्पात, सीमेंट सहित विभिन्न आवश्यक संसाधनों का परिवहन देश के अलग-अलग हिस्सों तक किया जाता है। इस प्रकार रेलवे देश की ऊर्जा आवश्यकताओं, आधारभूत संरचना के विकास और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
यात्री सेवाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान
माल परिवहन के साथ-साथ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्री सेवाओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रियों की बढ़ती मांग तथा ग्रीष्मकालीन अवकाश एवं अन्य विशेष अवसरों पर अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए अप्रैल 2026 से जुलाई 2026 तक 48 स्पेशल ट्रेनों के कुल 140 फेरे संचालित किए गए हैं।ग्रीष्मकालीन अवधि में समर स्पेशल, रथ यात्रा के अवसर पर रथ यात्रा स्पेशल तथा वर्तमान में श्रावण मास के दौरान श्रावणी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इन ट्रेनों से यात्रियों को अतिरिक्त कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के साथ-साथ नियमित ट्रेनों पर यात्री दबाव को कम करने और भीड़ को सुगम एवं व्यवस्थित तरीके से संभालने में सहायता मिली है।
बेहतर आधारभूत संरचना से बढ़ी परिवहन क्षमता
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में दोहरीकरण, तीसरी एवं चौथी रेल लाइन, यार्ड रिमॉडलिंग, आधुनिक सिग्नलिंग तथा अन्य क्षमता वृद्धि कार्यों के माध्यम से रेल परिवहन क्षमता को लगातार बढ़ाया जा रहा है। इससे माल एवं यात्री ट्रेनों के परिचालन में गति और दक्षता बढ़ी है।माल लदान में 100 मिलियन टन की उपलब्धि और यात्री सुविधाओं के लिए स्पेशल ट्रेनों का निरंतर परिचालन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की बेहतर परिचालन योजना, आधारभूत संरचना के विकास और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे इसी प्रतिबद्धता के साथ देश की ऊर्जा एवं संसाधन आवश्यकताओं की पूर्ति, आमजन को बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने और राष्ट्र की विकास यात्रा में अपने योगदान को निरंतर मजबूत करने के लिए प्रयासरत है।
Share this post with:
20 Aug 2026 16 Views
20 Aug 2026 13 Views
19 Aug 2026 38 Views
19 Aug 2026 30 Views
18 Aug 2026 81 Views
18 Aug 2026 57 Views