CNIN News Network

दपूमरे के बिलासपुर वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो में 16 कोच वाली वंदे भारत ट्रेनसेट के रखरखाव की शुरुआत

01 Nov 2026   3 Views

दपूमरे के बिलासपुर वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो में 16 कोच वाली वंदे भारत ट्रेनसेट के रखरखाव की शुरुआत

Share this post with:

00 महाप्रबंधक प्रकाश ने किया डिपो का निरीक्षण, आधुनिक मशीनों एवं मेंटेनेंस सुविधाओं का लिया जायजा

रायपुर/बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर स्थित वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो में आज 16 कोच वाली वंदे भारत ट्रेनसेट के परीक्षण एवं रखरखाव की शुरुआत की गई। इस डिपो में ट्रेन संख्या 20825/20826 बिलासपुर-नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस की मेंटेनेंस प्रक्रिया प्रारंभ होने के साथ ही डिपो के विकास के प्रथम चरण का संचालन शुरू हो गया है। डिपो का विकास वंदे भारत ट्रेनसेट के रखरखाव के लिए नवीनतम डिजाइन पर आधारित आधुनिक मशीनों, उपकरणों एवं तकनीकी सुविधाओं के साथ किया जा रहा है। वर्तमान में द्वितीय चरण का कार्य भी प्रगति पर है।

बिलासपुर वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो देश में वंदे भारत ट्रेनसेट के रखरखाव के लिए विकसित चौथा डिपो है। यहां स्थापित रिट्रैक्टेबल ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) प्रणाली इसकी प्रमुख विशेषताओं में से एक है। यह प्रणाली छत पर किए जाने वाले रखरखाव कार्यों के दौरान ओवरहेड विद्युत तारों को आवश्यकतानुसार हटाने की सुविधा प्रदान करती है, जिससे संरक्षित एवं निर्बाध रूप से कार्य किया जा सके। डिपो में 423 मीटर लंबी पूर्णत: कवर्ड इंस्पेक्शन बे लाइन (आईबीएल) उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, चार टायरों की जांच के लिए विशेष निरीक्षण प्रणाली, ट्रेनसेट के निचले हिस्से की जांच हेतु सेंटर पिट लाइन, कोचों के पार्श्व हिस्सों के निरीक्षण के लिए फ्लोर-लेवल सुविधाएं, कोच के आंतरिक हिस्सों तक पहुंच के लिए प्लेटफॉर्म तथा छत पर रखरखाव कार्यों के लिए विशेष वर्किंग प्लेटफॉर्म विकसित किए गए हैं। इन सुविधाओं के माध्यम से 16 कोच वाली वंदे भारत ट्रेनसेट के निरीक्षण एवं रखरखाव को अधिक व्यवस्थित, संरक्षित और प्रभावी बनाया जा सकेगा।

डिपो में पहियों की आवश्यक टर्निंग के लिए सीएनसी पिट व्हील लेथ तथा कोचों की बाहरी सतह की स्वचालित धुलाई के लिए ऑटोमेटिक कोच वॉशिंग प्लांट भी स्थापित किया गया है। ये आधुनिक सुविधाएं ट्रेनसेट के नियमित रखरखाव, स्वच्छता एवं परिचालन तत्परता को बेहतर बनाने में सहायक होंगी। इसी क्रम में महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे श्री तरुण प्रकाश ने वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने पिट लाइन, विभिन्न मशीनों, उपकरणों एवं स्वचालित प्रणालियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों से उनके संचालन और रखरखाव के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी उपकरणों का संरक्षा मानकों के अनुरूप सुचारू संचालन सुनिश्चित करने तथा उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं का प्रभावी उपयोग करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान ऑटोमेटिक कोच वॉशिंग प्लांट में वंदे भारत एक्सप्रेस रैक की धुलाई प्रक्रिया का भी अवलोकन किया।

बिलासपुर में वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो के प्रथम चरण के प्रारंभ होने से 16 कोच वाली वंदे भारत ट्रेनसेट के रखरखाव के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं। द्वितीय चरण का कार्य पूर्ण होने के साथ डिपो की सुविधाओं का और विस्तार होगा।

निरीक्षण के पश्चात राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर मुख्यालय एवं बिलासपुर मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक श्री विजय कुमार साहू, मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन सहित मुख्यालय एवं बिलासपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web