CNIN News Network

दंतेवाड़ा विधायक लोगों के समर्थन में एनएमडीसी के अधिकारियों पर जमकर बरसे

01 Nov 2026   15 Views

दंतेवाड़ा विधायक लोगों के समर्थन में एनएमडीसी के अधिकारियों पर जमकर बरसे

Share this post with:

दंतेवाड़ा। जिले के बचेली में एनएमडीसी द्वारा रास्तों पर गेट निर्माण को लेकर चल रहे विवाद के बीच रविवार को दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के समर्थन में अधिकारियों पर जमकर बरसे। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि फोर्स लगाकर स्थानीय लोगों को धमकाने की कोशिश न करें। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या फोर्स का इस्तेमाल अधिकारियों के गलत फैसलों को लागू करवाने के लिए किया जा रहा है? उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों को विश्वास में लिए इस तरह का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मीडिया को बयान देने वाले एनएमडीसी के अधिकारी विनय रेडी ने बताया कि सभी अधिकारी मीटिंग में व्यस्त हैं। फिलहाल प्रबंधन की ओर से इस मामले में पक्ष देने से मना कर दिया गया है।
विधायक चैतराम अटामी ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि आज ही यहां से गेट हटाया जाए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो गेट हटाने के लिए पूरी जनता सड़क पर उतरेगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में अधिकारियों को सभी पक्षों को विश्वास में लेना होगा। बैठक बुलाकर स्थानीय लोगों की सहमति ली जाए और जनहित से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा के बाद ही आगे का काम शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि गेट लगने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को आने-जाने में परेशानी होगी। किसी को अस्पताल जाना हो या दूसरे जरूरी काम से निकलना हो तो उसे दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। विधायक ने सवाल किया कि अगर गेट लगाने के बाद अधिकारियों की मर्जी से कभी भी रास्ता बंद कर दिया जाएगा, तो ऐसे निर्माण का क्या औचित्य है?
नगर पालिका बचेली के अध्यक्ष राजू जायसवाल ने कहा कि एनएमडीसी की ओर से गेट लगाकर स्कूल, हॉस्पिटल और गार्डन को अपने नियंत्रण में लिया जा रहा है। इससे आम जनता की आवाजाही बाधित होगी, हम ऐसा नहीं होने देंगे।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web