CNIN News Network

दंतेवाड़ा में स्विमिंग पूल बना आकर्षण का केंद्र, मेंटेनेंस बड़ी चुनौती

27 Apr 2026   5 Views

दंतेवाड़ा में स्विमिंग पूल बना आकर्षण का केंद्र, मेंटेनेंस बड़ी चुनौती

Share this post with:

दंतेवाड़ा।जिले की नगर पालिका द्वारा भीषण गर्मी के बीच शुरू किया गया स्विमिंग पूल इन दिनों शहर वासियों के लिए राहत और उत्साह का प्रमुख केंद्र बन गया है। वर्ष 2024 में इस स्विमिंग पूल का शुभारंभ किया गया था, जिसका संचालन प्रारंभ में स्व-सहायता समूह की महिलाओं को सौंपा गया था। हालांकि, विभिन्न कारणों से यह व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित नहीं हो सकी। ऐसे में इस वर्ष नगरीय प्रशासन ने स्वयं इसकी जिम्मेदारी संभालते हुए संचालन अपने हाथ में ले लिया है। वर्तमान में स्विमिंग पूल में आने वाले लोगों का विधिवत रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। इसके तहत बड़ों के लिए 150 रुपये और बच्चों के लिए 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। प्रशासन का कहना है कि इस शुल्क के माध्यम से पूल के संचालन और रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
गर्मी की छुट्टियां शुरू होते ही बच्चों में स्विमिंग पूल को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। स्कूलों में अवकाश लगते ही बड़ी संख्या में बच्चे यहां पहुंच रहे हैं और तैराकी का आनंद ले रहे हैं। इतना ही नहीं, कई अभिभावक अपने बच्चों को स्विमिंग सीखने के उद्देश्य से भी यहां ला रहे हैं। बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही है, वहीं अभिभावकों ने भी इस पहल को सकारात्मक बताते हुए नगरीय प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि शहर में इस तरह की सुविधाएं होना बेहद जरूरी है, खासकर गर्मी के मौसम में जब तापमान लगातार बढ़ता है। स्विमिंग पूल न केवल मनोरंजन का साधन है बल्कि यह बच्चों और युवाओं के लिए एक बेहतर शारीरिक गतिविधि का माध्यम भी है।
हालांकि, इस पूरी व्यवस्था के बीच एक बड़ी चिंता भी सामने आई है। स्विमिंग पूल के संचालन में लगे कर्मचारियों का कहना है कि पूल की हालत पूरी तरह संतोषजनक नहीं है और इसे तत्काल मेंटेनेंस की जरूरत है। उनका कहना है कि इस वर्ष तो किसी तरह व्यवस्था संभाल ली गई है, लेकिन यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में इसका संचालन मुश्किल हो जाएगा।
इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता ने बताया कि स्विमिंग पूल की मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार कर आवंटन हेतु भेजा गया है। जैसे ही फंड स्वीकृत होगा, मरम्मत कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि यह स्विमिंग पूल लंबे समय तक सुचारू रूप से संचालित हो और जिले के अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि दंतेवाड़ा जैसे जिले में एक अच्छी स्विमिंग सुविधा होना बेहद आवश्यक है, ताकि लोग गर्मी में राहत पा सकें और बच्चों को तैराकी जैसी महत्वपूर्ण कौशल सीखने का अवसर मिल सके।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13766/84

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web