CNIN News Network

डीजे की तेज आवाज के कारण बुजुर्गों, हृदय रोगियों, नवजात शिशुओं व छोटे बच्चों को जीवन का खतरा

24 Sep 2026   11 Views

डीजे की तेज आवाज के कारण बुजुर्गों, हृदय रोगियों, नवजात शिशुओं व छोटे बच्चों को जीवन का खतरा

Share this post with:

00 स्वत: संज्ञान लेकर कार्रवाई की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन
रायपुर। शहर में विभिन्न आयोजनों एवं कार्यक्रमों के दौरान अत्यधिक तेज आवाज में बजाए जा रहे डीजे से होने वाली परेशानियों को लेकर छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों के विरुद्ध स्वत: संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने कहा कि डीजे की अत्यधिक तेज आवाज के कारण बुजुर्गों, हृदय रोगियों, नवजात शिशुओं एवं छोटे बच्चों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ता है। तेज आवाज एवं कंपन से लोगों की नींद और मानसिक शांति प्रभावित होने के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां भी उत्पन्न होती हैं।
ज्ञापन में कहा गया कि अक्सर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा शिकायत प्राप्त होने के बाद ही तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाती है। समाज ने मांग की है कि पुलिस को प्रत्येक मामले में नागरिकों की शिकायत अथवा बड़ी संख्या में लोगों के दबाव का इंतजार नहीं करना चाहिए। यदि कहीं निर्धारित नियमों एवं ध्वनि सीमा का उल्लंघन होता दिखाई दे तो पुलिस एवं प्रशासन को स्वत: संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए।
छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने प्रशासन से मांग की कि डीजे वाहनों के ध्वनि विस्तारक यंत्रों की नियमित जांच की जाए तथा मानक से ज्यादा आवाज में डीजे बजाने पर तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित आयोजकों एवं डीजे संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। विशेष रूप से अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों एवं आवासीय क्षेत्रों के आसपास ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य किसी धार्मिक, सामाजिक या सांस्कृतिक आयोजन का विरोध करना नहीं है, और ना ही डीजे के व्यापार को बंद करवाना है बल्कि नियमों का पालन सुनिश्चित कराते हुए आम नागरिकों को अनावश्यक ध्वनि प्रदूषण से राहत दिलाना है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा, स्वर्ण सिंह चावला, मंजीत सिंह भाटिया, कुलवंत सिंह खालसा, देवेंदर सिंह चावला एवं बलवंत सिंह चावला उपस्थित रहे।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13997/18

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web