CNIN News Network

डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव व कानूनी जागरूकता पर व्याख्यान

17 Nov 2026   27 Views

डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव व कानूनी जागरूकता पर व्याख्यान

Share this post with:


रायपुर। साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से गुरुकुल महिला महाविद्यालय के कंप्यूटर विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय डिजिटल युग में साइबर अपराध : डिजिटल अरेस्ट से बैंकिंग धोखाधड़ी तक - चुनौतियाँ, कानूनी प्रावधान एवं सुरक्षा उपाय रहा। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में माननीय श्री जितेंद्र कुमार सोनवानी एवं माननीय श्री चंद्रकिरण मनकर, सिविल जज / न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर टीम, प्राचार्य डॉ. सांध्य गुप्ता उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता माननीय जितेंद्र कुमार सोनवानी ने डिजिटल अरेस्ट के बढ़ते मामलों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि साइबर अपराधी विभिन्न सरकारी एजेंसियों, पुलिस अधिकारियों एवं न्यायिक संस्थाओं के नाम का दुरुपयोग कर आम नागरिकों को भयभीत करते हैं तथा उनसे धनराशि की मांग करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों के नाम पर फोन या वीडियो कॉल के माध्यम से डराकर पैसे की मांग किए जाने पर सतर्क रहना चाहिए। माननीय चंद्रकिरण मनकर ने बैंकिंग फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, ओटीपी धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों तथा डिजिटल भुगतान से संबंधित जोखिमों की जानकारी दी। उन्होंने साइबर अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रत्येक नागरिक को अपने डिजिटल अधिकारों एवं कानूनी सुरक्षा उपायों की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे अपना ओटीपी, बैंकिंग पासवर्ड, एटीएम पिन एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. रात्रि लहरी, जिला संगठक, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं डॉ. अमिता तेलंग, विभागाध्यक्ष, कंप्यूटर विभाग के संयोजन में किया गया। कार्यक्रम का सुव्यवस्थित एवं प्रभावी मंच संचालन डॉ. दीपशिखा शर्मा द्वारा किया गया।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web