Share this post with:
00 मुख्यमंत्री साय ने जताया गहरा शोक
बालोद। शुक्रवार की दोपहर में सूबे के बालोद जिले में हुई सड़क दुघर्टना में 5 लोगों की मौत हो गई और 7 अन्य घायल हुए हैं जिनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस व मेडिकल दस्ता तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गया ।मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बालोद जिले के मरकाटोला घाट में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में कई लोगों के असामयिक निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा गुरूर थानान्तर्गत आने वाले बालोद जिले के बस्तर व राजधानी रायपुर से जोडऩे वाली राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर मरकटोला घाट में हुआ। जहां एक ट्रक और डीजे वाले पिकअप में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। दोनो के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि, पिकअप के परखच्चे उड़ गए और भारी भरकम ट्रक पलट गया। मिली जानकारी के मुताबिक, पिकअप में 13 युवक सवार थे। उनमें से 3 की घटनास्थल ही पर मौत हो गई, वहीं 3 घायलों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। 7 अन्य घायल हैं, जिनस से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा इतना जबरदस्त था कि, धान की बारियों से भरा विशालकाय ट्रक ना सिर्फ पलट गया बल्कि, धान के बारे सड़क पर इधर-उधर बिखर गए। घायलों को धमतरी जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। मृतकों के शव भी पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। इस हादसे के बाद इस राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस हृदयविदारक घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोकाकुल परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री श्री साय ने घायलों के समुचित उपचार के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दु:ख की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
Share this post with:
26 Sep 2026 14 Views
26 Sep 2026 19 Views
26 Sep 2026 18 Views
25 Sep 2026 18 Views