CNIN News Network

जैगुआर ट्रैवल्स की बस से 1 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपये के गांजा के साथ मालक-चालक सहित दो गिरफ्तार

05 Oct 2026   10 Views

जैगुआर ट्रैवल्स की बस से 1 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपये के गांजा के साथ मालक-चालक सहित दो गिरफ्तार

Share this post with:

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जैगुआर ट्रैवल्स की टाटा कंपनी की 44 सीटर स्लीपर बस क्रमांक ओडी30डी0606 से गांजा की तस्करी करने वाले बस के चालक एवं मालिक दिलीप कुमार हिंडिया तथा उसके सहयोगी भीमसेन केवट को पेंड्रा पुलिस ने गिरफ्तार करने के साथ ही बस को भी जब्त कर लिया है जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल हैंडसेट, जिनकी कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है को भी जब्त किया। बरामद गांजा 49 पैकेटों में रखा गया था और प्रत्येक पैकेट में लगभग 5 किलोग्राम गांजा था। इस तरह कुल करीब 245 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत पुलिस ने करीब 1 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपये बताई है।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस के सामने गांजा तस्करी का एक लंबा रूट भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार गांजा मलकानगिरी से बोरई, धमतरी, रायपुर, बिलासपुर, पाली, कटघोरा, पसान होते हुए पेंड्रा तक पहुंचाया जा रहा था। पूछताछ में आरोपी दिलीप कुमार हिंडिया ने कथित तौर पर बताया कि वह मलकानगिरी, ओडिशा से गांजा लेकर कोरबा एवं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्षेत्र में सप्लाई करने आया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क में गांजा कहां से खरीदा गया, किसे सप्लाई किया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दिलीप कुमार हिंडिया, पिता स्व. कुमार हिंडिया, निवासी नायपुरा, तहसील माथिली, जिला मलकानगिरी, ओडिशा है। प्रारंभिक पूछताछ में उसके द्वारा स्वयं को बस का मालिक एवं चालक बताया गया है तथा पुलिस के मुताबिक वह गांजे के अवैध परिवहन में शामिल था। दूसरा आरोपी भीमसेन केवट, पिता रामफल केवट, उम्र 30 वर्ष, निवासी धनौरा, मौहरपारा, थाना मरवाही, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही है। पुलिस जांच के अनुसार वह कटघोरा से बस में सवार हुआ था और चालक को आगे का रास्ता बताते हुए उसके साथ चल रहा था।
पेंड्रा थाना पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 345/2026, धारा 20(बी)(।।), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस तस्करी नेटवर्क के सप्लायर, परिवहनकर्ता, रिसीवर और अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13997/18

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web