Share this post with:
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश के शहरों एवं नगरों में आधारभूत अधोसंरचना और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में जशपुर जिले के पत्थलगांव में निर्माणाधीन जूदेव चौक एवं बीटीआई तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। कलेक्टर रोहित व्यास ने दोनों स्थलों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि जूदेव चौक का विकास नगर की पहचान के अनुरूप आकर्षक, सुव्यवस्थित एवं जनोपयोगी स्थल के रूप में किया जाए। उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने और सभी कार्यों को तय समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए। पत्थलगांव- अंबिकापुर मार्ग पर बस स्टैंड से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर लगभग 31.13 लाख रुपये की लागत से जूदेव चौक का निर्माण कराया जा रहा है। चौक में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा के समीप आकर्षक मिनी गार्डन विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, कलात्मक पेंटिंग, हरित क्षेत्र और अन्य सौंदर्यीकरण कार्यों के माध्यम से चौक को आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है।
कलेक्टर श्री व्यास ने इसके बाद जूदेव चौक के समीप स्थित निर्माणाधीन बीटीआई तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। लगभग 24 लाख रुपये की लागत से तालाब का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में और तेजी लाने तथा सभी निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जूदेव चौक और बीटीआई तालाब का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण पूरा होने के बाद यह क्षेत्र स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों एवं आगंतुकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा। साथ ही इससे पत्थलगांव नगर की सुंदरता, पहचान और पर्यटन संभावनाओं को भी नई पहचान मिलेगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम पत्थलगांव श्री ऋतुराज सिंह बिसेन, नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री मोहम्मद जावेद खान, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कमलकांत श्रीवास सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Share this post with:
10 Jul 2026 11 Views
10 Jul 2026 10 Views
10 Jul 2026 23 Views
09 Jul 2026 11 Views