CNIN News Network

जीपीएम के पहले नगरीय जन समस्या निवारण शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़

30 May 2026   10 Views

जीपीएम के पहले नगरीय जन समस्या निवारण शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़

Share this post with:

00 शिकायतों का मौके पर समाधान, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ
00 कलेक्टर ने बाल विवाह मुक्त जिला बनाने दिलाई शपथ
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। सुशासन तिहार के अंतर्गत जिले के नगरीय क्षेत्र में पहला जन समस्या निवारण शिविर पेण्ड्रा स्थित मल्टी परपज स्कूल के असेम्बली हॉल में आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी आमजन को उपलब्ध कराई गई।

 जीपीएम के पहले नगरीय जन समस्या निवारण शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़


शिविर के दौरान नगर पालिका परिषद पेण्ड्रा के अध्यक्ष श्री राकेश जलान ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृति के लिए सीएमओ कार्यालय के एक कर्मचारी द्वारा हितग्राही से राशि मांगने की शिकायत उठाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को तत्काल जांच कराने तथा शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 जीपीएम के पहले नगरीय जन समस्या निवारण शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़


नगर पालिका अध्यक्ष श्री राकेश जलान ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी वार्डों में विशेष शिविर आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित मांगों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की आवश्यकता बताई। साथ ही नागरिकों से जल संरक्षण और अधिकाधिक वृक्षारोपण करने की अपील भी की।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने रहे। यहां स्वास्थ्य परीक्षण, औषधि वितरण, ई-केवाईसी, प्रमाण पत्र वितरण और अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। आवास, बिजली, पशुपालन सहित विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदनों के निराकरण की जानकारी भी संबंधित विभागों द्वारा आवेदकों को दी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा दस गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और आठ बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इसके साथ ही नोनी सुरक्षा योजना एवं सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 26 बच्चों को लाभान्वित किया गया।
राजस्व विभाग ने शिविर के दौरान 24 दिन के नवजात शिशु का जाति एवं निवास प्रमाण पत्र जारी कर प्रशासनिक सेवाओं की त्वरित उपलब्धता का उदाहरण प्रस्तुत किया। इसके अलावा चार हितग्राहियों को ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र तथा छह किसानों को किसान किताब वितरित की गई। कृषि विभाग द्वारा चार किसानों को मूंग बीज प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने पांच हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, दो हितग्राहियों को निश्चय पोषण आहार, दस हितग्राहियों को छड़ी एवं वॉकर, नौ हितग्राहियों को चश्मा तथा 14 मितानिनों को दवा किट वितरित की।

 जीपीएम के पहले नगरीय जन समस्या निवारण शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़


बाल विवाह मुक्त जिला बनाने का संकल्प
शिविर के दौरान कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने उपस्थित नागरिकों को बाल विवाह के विरुद्ध जागरूक करते हुए शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से संकल्प लेने का आग्रह किया कि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की तथा 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह नहीं करेंगे और जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग देंगे। उन्होंने कहा कि बाल विवाह रोकना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है।

 जीपीएम के पहले नगरीय जन समस्या निवारण शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़


जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की रही उल्लेखनीय सहभागिता
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद पेण्ड्रा के उपाध्यक्ष श्री शरद गुप्ता, गौ सेवा आयोग की जिला स्तरीय समिति के अध्यक्ष श्री रामजी श्रीवास, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे, वरिष्ठ नागरिक डॉ. नीरज जैन, पार्षदगण सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

 जीपीएम के पहले नगरीय जन समस्या निवारण शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़


योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास
यह शिविर न केवल समस्याओं के समाधान का मंच बना, बल्कि शासन और जनता के बीच संवाद, विश्वास और सहभागिता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम भी साबित हुआ। सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन द्वारा लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13783/16

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web