CNIN News Network

जी एन ए महाविद्यालय में दो दिवसीय राज्य स्तरीय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता

28 Oct 2026   13 Views

जी एन ए महाविद्यालय में दो दिवसीय राज्य स्तरीय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता

Share this post with:


भाटापारा। शासकीय गजानंद अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भाटापारा में 26 एवं 27 अक्टूबर को दो दिवसीय राज्य स्तरीय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता 2026-27 का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 12 सेक्टर की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों ने पूरे आयोजन के दौरान उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर पालिका परिषद, भाटापारा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ए. आर. सी. जेम्स ने की। समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात उच्च शिक्षा विभाग के ध्वज का ध्वजारोहण किया गया तथा प्रतिभागी टीमों ने मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी। महाविद्यालय की छात्राओं कल्याणी साहू एवं प्रीति साहू ने राज्यगीत एवं राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया। इसके पश्चात छात्राओं ने सरस्वती वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी। आयोजन सचिव डॉ. दीपक कुमार यादव ने प्रतियोगिता की रूपरेखा, खेल कार्यक्रम एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्रस्तुत की। उद्घाटन मुकाबला कांकेर एवं राजनांदगांव सेक्टर के बीच खेला गया, जिसमें राजनांदगांव सेक्टर ने जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता के अंतर्गत सभी 12 सेक्टर की टीमों को चार पूलों में विभाजित कर लीग पद्धति से मुकाबले आयोजित किए गए। पूल सी एवं पूल डी के मैच महाविद्यालय परिसर स्थित बास्केटबॉल कोर्ट में तथा पूल ए एवं पूल बी के मुकाबले गुरुकुल विद्यालय, भाटापारा में खेले गए। प्रत्येक पूल की श्रेष्ठ टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पहले सेमीफाइनल में राजनांदगांव सेक्टर ने सरगुजा सेक्टर को तथा दूसरे सेमीफाइनल में रायपुर सेक्टर ने बिलासपुर सेक्टर को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रत्येक मैच के बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला राजनांदगांव एवं रायपुर सेक्टर की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में राजनांदगांव सेक्टर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रायपुर सेक्टर को 47–40 अंकों से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। रायपुर सेक्टर उपविजेता रहा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राजनांदगांव सेक्टर की अनिशा को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि फाइनल मुकाबले में शानदार खेल का प्रदर्शन करने वाली राजनांदगांव की सुमन को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
समापन समारोह में भाटापारा के पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय की जनभागीदारी प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्रेणिक गोलछा एवं समिति के अन्य सदस्य, उच्च शिक्षा विभाग के पर्यवेक्षक विष्णु प्रसाद श्रीवास्तव तथा रविशंकर विश्वविद्यालय के पूर्व खेल संचालक रविंद्रनाथ मिश्रा सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना करते हुए महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन, अनुशासन एवं उत्साह की प्रशंसा की तथा उन्हें भविष्य में भी खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियाँ हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में आशुतोष राय एवं सुब्बूदास मनिकपुरी का विशेष सहयोग रहा। साथ ही महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापकों, अतिथि व्याख्याताओं, कर्मचारियों एवं समस्त महाविद्यालय परिवार ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
यह दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ की महिला बास्केटबॉल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच साबित हुई। आयोजन से महिला खेलों को प्रोत्साहन मिला तथा महाविद्यालय की खेल गतिविधियों को नई ऊर्जा प्राप्त हुई।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14099/21

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web