Share this post with:
00 विपक्ष के झूठे नैरेटिव का तथ्यों के साथ दें मुँहतोड़ जवाब : पाण्डेय
00 प्रदेश मीडिया विभाग की महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक संपन्न, तथ्यों और विकास कार्यों के दम पर जनता तक सच्चाई पहुँचाएंगे
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी एवं जिले के प्रवक्ता, मोर्चा के मीडिया प्रभारी, सह मीडिया प्रभारी एवं मोर्चा के प्रवक्ताओं की शुक्रवार को वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, प्रदेश मीडिया संयोजक हेमन्त पाणिग्रही ने जिला मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी, मोर्चा मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी एवं प्रवक्ताओं का मार्गदर्शन किया।
भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ऐतिहासिक उपलब्धियों और विकास कार्यों के पुख्ता आँकड़े प्रचार माध्यमों के जरिए जनता के बीच मजबूती से रखे जाएँ। श्री सोनी ने कहा कि पार्टी के सभी जिला मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी एवं प्रवक्तागण जिले से लेकर मण्डल स्तर तक निरंतर सक्रिय रहकर सरकार की नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का कार्य करें और जनता के बीच विपक्ष के नकारात्मक प्रचार को विफल कर सकारात्मक व तथ्यपरक संवाद स्थापित करें।
भाजपा मुख्य प्रदेश प्रवक्ता व सांसद श्री पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि सोशल मीडिया और विभिन्न डिजिटल माध्यमों पर विपक्षी दलों द्वारा जनता को भ्रमित करने के लिए लगातार झूठे नैरेटिव और दुष्प्रचार फैलाए जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में जिले के प्रवक्ताओं व जिला मीडिया प्रभारी एवं सह प्रभारियों का दायित्व बढ़ जाता है कि वे विपक्ष के हर भ्रामक दावे का पूरे तथ्यों, साक्ष्यों और आक्रामकता के साथ मुँहतोड़ जवाब दें। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर विपक्ष के दुष्प्रचार की तुरंत पहचान कर वास्तविक तथ्यों के साथ त्वरित खण्डन किया जाए।
बैठक को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार द्वारा प्रदेश में किए जा रहे ऐतिहासिक विकास कार्यों और जनहितैषी निर्णयों से कांग्रेस पूरी तरह हताश व मुद्दाविहीन हो चुकी है। अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए कांग्रेस लगातार झूठे, मनगढ़ंत और आधारहीन नैरेटिव गढ़कर जनता को भ्रमित करने का कुत्सित प्रयास कर रही है। श्री झा ने कहा कि टीवी डिबेट्स, प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर कांग्रेस के भ्रामक दावों को आँकड़ों के साथ तुरंत खारिज किया जाए।
भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमन्त पाणिग्रही ने मीडिया विभाग की कार्यप्रणाली के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया और संगठन की नीतियों व जनहितैषी योजनाओं को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुँचाने पर बल दिया। श्री पाणिग्रही ने मीडिया प्रबन्धन को अधिक सशक्त, त्वरित और पारदर्शी बनाने के साथ-साथ आगामी संगठनात्मक कार्ययोजनाओं को लेकर भी गहन चर्चा की और प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के माध्यम से पार्टी के संदेश को सशक्त ढंग से प्रस्तुत करने का आग्रह किया।
बैठक का संचालन प्रदेश मीडिया सह संयोजक राहुल राय एवं आभार कोरबा जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता ने किया। इस दौरान प्रदेश मीडिया सह संयोजक प्रवीण साहू, गोविन्दा गुप्ता, सहित सभी जिलों के जिला मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी, मोर्चा के मीडिया प्रभारी सह प्रभारी एवं जिले एवं सभी मोर्चा के प्रवक्तागण उपस्थित रहे।
Share this post with:
21 Aug 2026 18 Views
21 Aug 2026 25 Views
21 Aug 2026 16 Views
20 Aug 2026 184 Views
20 Aug 2026 25 Views