Share this post with:
00 दो नवनिर्वाचित एवं पांच मनोनीत पार्षदों ने संभाला दायित्व, जनसेवा और नगर विकास का लिया संकल्प
जशपुर। नगर पालिका परिषद जशपुर के वार्ड क्रमांक 08 एवं 14 में संपन्न उपचुनाव के नवनिर्वाचित पार्षदों तथा शासन द्वारा मनोनीत पांच पार्षदों का पद एवं गोपनीयता शपथ ग्रहण समारोह आज नगर पालिका परिषद के सभाकक्ष में आयोजित किया गया। डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री समीर बड़ा ने सभी नवनिर्वाचित एवं मनोनीत पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह में विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, पूर्व सांसद श्री राजा रणविजय सिंह जूदेव, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के पूर्व अध्यक्ष श्री कृष्ण कुमार राय, श्री ओमप्रकाश सिन्हा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री योगेश्वर उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधि, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने नवनिर्वाचित एवं मनोनीत पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए नगर के समग्र विकास को गति देना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पार्षद जनसेवा, पारदर्शिता और समर्पण की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। पूर्व सांसद श्री राजा रणविजय सिंह जूदेव ने कहा कि नगर के सर्वांगीण विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों का समन्वित प्रयास आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
दो नवनिर्वाचित एवं पांच मनोनीत पार्षदों ने ग्रहण किया पदभार
शपथ ग्रहण समारोह में वार्ड क्रमांक 08 से श्रीमती प्रेमलता साहू तथा वार्ड क्रमांक 14 से श्रीमती प्रिया सिंग ने नवनिर्वाचित पार्षद के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। वहीं शासन द्वारा मनोनीत पार्षदों में श्री संतोष सिंह, श्री राधेश्याम राम, श्री रूपेश सोनी, श्री ओमप्रकाश नायक एवं श्रीमती नीतू गुप्ता ने भी शपथ लेकर नगर हित में कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Share this post with:
01 Jul 2026 12 Views
01 Jul 2026 39 Views
01 Jul 2026 6 Views
30 Jun 2026 16 Views
26 Jun 2026 55 Views
25 Jun 2026 45 Views