Share this post with:

अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर बढ़ाया देश-प्रदेश का गौरव, वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने दी बधाई
श्रीमंत झा की सफलता छत्तीसगढ़ के युवा एवं पैरा खिलाडि़यों के लिए प्रेरणादायी : वित्त मंत्री श्री चौधरी
रायपुर--वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने जर्मनी पैरा-आर्मरेसलिंग कप 2026 में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले प्रदेश के प्रतिभाशाली पैरा-आर्मरेसलर श्रीमंत झा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि श्रीमंत झा ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी अद्भुत प्रतिभा, अथक परिश्रम और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए शानदार उपलब्धि हासिल की है। उनकी यह सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और हर्ष का विषय है।
श्री चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाएं आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी विशिष्ट पहचान बना रही हैं। श्रीमंत झा ने अपनी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर यह सिद्ध किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयासों से बड़ी से बड़ी चुनौती को पार किया जा सकता है। जर्मनी में रजत पदक जीतकर उन्होंने न केवल प्रदेश का मान बढ़ाया है, बल्कि छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं की क्षमता और सामर्थ्य को भी विश्व मंच पर प्रदर्शित किया है।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि श्रीमंत झा की यह उपलब्धि विशेष रूप से प्रदेश के युवा और दिव्यांग खिलाडि़यों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका संघर्ष, समर्पण और खेल के प्रति जुनून उन सभी खिलाडि़यों को आगे बढ़ने का हौसला देता है, जो सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
श्री चौधरी ने श्रीमंत झा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने आगामी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश के लिए नई उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।
Share this post with:
22 Oct 2026 29 Views
22 Oct 2026 41 Views
21 Oct 2026 45 Views
19 Oct 2026 53 Views