CNIN News Network

जनजातीय गौरव दिवस पर नवा रायपुर के दोनों जनजातीय संग्रहालयों में निःशुल्क प्रवेश

14 Nov 2026   12 Views

Share this post with:

 

 

 

 

 


 

15 नवंबर को आम नागरिकों और पर्यटकों को मिलेगी निःशुल्क प्रवेश की सुविधा, जनजातीय इतिहास, शौर्य और संस्कृति को करीब से जानने का अवसर

रायपुर--जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन ने आम नागरिकों और पर्यटकों को विशेष सौगात दी है। आगामी 15 नवंबर 2026 (रविवार) को नवा रायपुर अटल नगर स्थित प्रदेश के दोनों प्रमुख जनजातीय संग्रहालयों में सभी के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इस पहल से आमजन को छत्तीसगढ़ के जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान, समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

आदिमजाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान (TRTI) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, संस्थान परिसर में स्थित शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय तथा छत्तीसगढ़ जनजातीय संग्रहालय में 15 नवंबर को किसी भी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा। रविवार को संग्रहालयों में आने वाले सभी आगंतुक इस विशेष सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

जनजातीय गौरव दिवस का उद्देश्य जनजातीय समाज के महान नायकों, स्वतंत्रता सेनानियों और उनके ऐतिहासिक योगदान को सम्मानपूर्वक स्मरण करना तथा नई पीढ़ी को उनकी गौरवशाली विरासत से परिचित कराना है। ऐसे में दोनों संग्रहालयों में निःशुल्क प्रवेश की यह पहल विशेष महत्व रखती है। संग्रहालयों के माध्यम से आगंतुकों को जनजातीय समाज के संघर्ष, बलिदान, जीवनशैली, कला, संस्कृति और परंपराओं को समझने का अवसर मिलेगा।

राज्य सरकार की यह पहल जनजातीय विरासत के संरक्षण, संवर्धन और व्यापक जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जनजातीय गौरव दिवस पर नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं और पर्यटकों से इन संग्रहालयों का भ्रमण कर छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय विरासत को जानने का लाभ उठाने की अपील की गई है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web