CNIN News Network

छत्तीसगढ़ में रेड क्रॉस की सेवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का सहयोग

22 Sep 2026   8 Views

छत्तीसगढ़ में रेड क्रॉस की सेवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का सहयोग

Share this post with:

00 राज्य में स्वास्थ्य, रक्तदान, प्राथमिक उपचार एवं मानवीय सेवाओं के विस्तार के लिए राष्ट्रीय मुख्यालय के समक्ष रखा गया व्यापक प्रस्ताव
रायपुर। छत्तीसगढ़ में इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी की स्वास्थ्य एवं मानवीय सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के चेयरमैन श्री तोमन साहू ने नई दिल्ली स्थित इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के राष्ट्रीय मुख्यालय में महासचिव (राष्ट्रीय प्रभारी) श्री ललित वाधवा से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में रेड क्रॉस की सेवाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय मुख्यालय की संयुक्त सचिव डॉ. वंशश्री सिंह एवं श्री कौस्तुभ दिनकर कुकड़े से भी मुलाकात कर छत्तीसगढ़ राज्य शाखा की सेवा गतिविधियों, आवश्यकताओं एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य शाखा की ओर से राज्य की स्वास्थ्य एवं मानवीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक व्यापक सेवा-विस्तार एवं संस्थागत सुदृढ़ीकरण प्रस्ताव राष्ट्रीय मुख्यालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रस्ताव का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के ग्रामीण, आदिवासी, दूरस्थ एवं जरूरतमंद क्षेत्रों तक रेड क्रॉस की सेवाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
प्रस्ताव में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एम्बुलेंस सुविधा, चलित रक्तदान सेवाओं का विस्तार, प्राथमिक उपचार एवं प्रथम प्रत्युत्तरकर्ता प्रशिक्षण, रक्त सेवाओं एवं रक्त भंडारण व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, आवश्यक स्वास्थ्य उपकरण, आपदा एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता तथा मानवीय राहत सेवाओं को मजबूत करने के संबंध में सहयोग का अनुरोध किया गया। इसके साथ ही सुरगुजा एवं बस्तर जैसे आदिवासी एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता, सिकल सेल एवं थैलेसीमिया से संबंधित जनजागरूकता एवं सहायता, स्वैच्छिक रक्तदाता नेटवर्क को मजबूत करने तथा जरूरतमंद मरीजों तक सहायता पहुंचाने के लिए विशेष पहल पर भी चर्चा की गई।
डुबचेरा, गुरुर तहसील, जिला बालोद में उपलब्ध भवन के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधा को विकसित करने के लिए आवश्यक सहयोग का विषय भी राष्ट्रीय मुख्यालय के समक्ष रखा गया। राज्य शाखा का उद्देश्य उपलब्ध संसाधनों एवं राष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और मजबूत करना है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13997/18

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web