CNIN News Network

छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर बनाने वाले ईश्वर को मिला कानूनी अधिकार, अब इस्तेमाल करने से पहले अनुमति जरूरी

03 Oct 2026   24 Views

छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर बनाने वाले ईश्वर को मिला कानूनी अधिकार, अब इस्तेमाल करने से पहले अनुमति जरूरी

Share this post with:


रायपुर। छत्तीसगढ़ में छत्तीसगढ़ महतारी की जिस तस्वीर को लोग आज बड़े सम्मान के साथ देखते हैं, वह तस्वीर अब कानूनी तौर पर उसके निर्माता कलाकार ईश्वर साहू बंधी के अधिकार में है। तीन साल की कोशिश और कानूनी प्रक्रिया के बाद ईश्वर साहू को इस चित्र का कॉपीराइट मिल गया है। इसका मतलब यह है कि अब इस खास चित्र का इस्तेमाल करने से पहले कलाकार की अनुमति लेना जरूरी होगा। तस्वीर के इस्तेमाल को लेकर कॉपीराइट कानून के तहत कलाकार के अधिकार सुरक्षित हो गए हैं।
छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर को कलाकार ईश्वर साहू बंधी ने बनाया था। इस चित्र में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा को एक महिला के रूप में दिखाया गया है। तस्वीर में छत्तीसगढ़ महतारी को हरे रंग की साड़ी में दिखाया गया है। उन्होंने पारंपरिक आभूषण और परिधान पहने हुए हैं। एक हाथ में धान की बाली और हंसिया है, जबकि दूसरे हाथ से वह अपनी संतानों को आशीर्वाद देती हुई दिखाई गई हैं। यह तस्वीर धीरे-धीरे छत्तीसगढ़ की पहचान से जुड़ती चली गई। सरकारी कार्यक्रमों से लेकर अलग-अलग आयोजनों तक इसका इस्तेमाल होने लगा। जिला मुख्यालयों में भी इसी तस्वीर के आधार पर प्रतिमाएं स्थापित की गईं।
18 जून 2022 को तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर छत्तीसगढ़ महतारी की इस तस्वीर को साझा किया था। उन्होंने बताया था कि सरकार ने छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र को सभी शासकीय कार्यक्रमों में प्रमुखता से स्थान देने का निर्णय लिया है। इस फैसले का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली इतिहास से लोगों को जोडऩा बताया गया था। सरकारी स्तर पर तस्वीर को इतनी बड़ी पहचान मिलने के बाद यह चित्र प्रदेशभर में तेजी से लोकप्रिय हुआ। हालांकि, तस्वीर बनाने वाले कलाकार का नाम उस समय व्यापक रूप से सामने नहीं आया।
जब सरकार ने उनकी बनाई तस्वीर को सरकारी कार्यक्रमों में इस्तेमाल करना शुरू किया और इसी आधार पर प्रतिमाएं लगाने का निर्णय लिया, तो उन्हें खुशी हुई। लेकिन उनका कहना है कि तस्वीर के इस्तेमाल से पहले उनसे अनुमति नहीं ली गई और उन्हें इस कृति के निर्माता के तौर पर उचित श्रेय भी नहीं मिला। यही बात आगे चलकर उनके लिए चिंता का विषय बनी। उनकी बनाई तस्वीर का इस्तेमाल अलग-अलग जगहों पर लगातार बढ़ रहा था।
तस्वीर के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए ईश्वर साहू के साथियों ने उन्हें कॉपीराइट लेने की सलाह दी। उनका कहना था कि अगर तस्वीर का इस्तेमाल इसी तरह होता रहा तो भविष्य में इसके गलत या अनधिकृत इस्तेमाल की भी संभावना हो सकती है। इसके बाद ईश्वर साहू ने फरवरी 2023 में इस तस्वीर के कॉपीराइट के लिए आवेदन किया। आवेदन के बाद इस मामले में कानूनी प्रक्रिया और सुनवाई चली। करीब तीन साल की प्रक्रिया के बाद अब उन्हें इस चित्र का कॉपीराइट मिल गया है। कॉपीराइट मिलने के बाद तस्वीर के इस्तेमाल को लेकर कलाकार के अधिकार स्पष्ट हो गए हैं। अब इस खास चित्र का इस्तेमाल करने से पहले अनुमति लेना जरूरी होगा। ईश्वर साहू का कहना है कि उनकी प्राथमिकता तस्वीर के इस्तेमाल से पैसे कमाना नहीं है। वह चाहते हैं कि जिस व्यक्ति ने यह तस्वीर बनाई है, उसे उसका श्रेय मिले और किसी भी इस्तेमाल से पहले उनसे अनुमति ली जाए।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13997/18

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web